सोनीपत में घर में घुसकर दंपती को लाठी-डंडों से पीटा:8 युवकों ने बरसाए ईंट-पत्थर, सामान भी तोड़ा; जेल की रंजिश में वारदात

Spread the love

सोनीपत में देर रात एक परिवार पर जानलेवा हमला और तोड़फोड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि दो गाड़ियों में सवार होकर आए 7-8 युवकों ने पहले घर के बाहर आकर दरवाजा खुलवाने की कोशिश की। दरवाजा नहीं खोलने पर आरोपियों ने मकान पर ईंट-पत्थर बरसाए, खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए और परिवार को जान से मारने की धमकी दी। बाद में आरोपी दोबारा लौटे और घर में घुसकर दंपती के साथ मारपीट करते हुए घर के सामान व मोटरसाइकिल में जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रात 11 बजे घर का दरवाजा खुलवाने लगे पीड़ित सुरेंद्र पुत्र ताराचंद निवासी गांधी नगर गन्नौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 4 मई 2026 की रात करीब 11 बजे वह अपनी पत्नी सरोज के साथ घर पर मौजूद था। इसी दौरान दो गाड़ियों में सवार होकर 7-8 युवक उसके घर के बाहर पहुंचे और दरवाजा खटखटाने लगे। सुरेंद्र ने ऊपर से पूछा कि कौन है और क्या बात है। आरोप है कि युवक लगातार दरवाजा खोलने के लिए दबाव बनाने लगे। इसी बीच घर की गली की लाइट जलाई गई और पत्नी सरोज ने भी बाहर मौजूद युवकों से बातचीत की कोशिश की। दरवाजा नहीं खोलने पर बरसाए ईंट-पत्थर परिवार ने जब दरवाजा नहीं खोला तो आरोपियों ने गुस्से में मकान पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने घर की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए और गाली-गलौज करते हुए परिवार को धमकाया कि उनके दोनों बेटों को जान से मार देंगे। घटना के बाद आरोपी कुछ देर के लिए वहां से चले गए। पीड़ित परिवार ने इसके बाद डायल-112 पर घटना की सूचना दी। सुरेंद्र को घर से बाहर घसीटकर पीटा सुरेंद्र ने बताया कि करीब 10 से 15 मिनट बाद वह घर से नीचे उतरा और नुकसान देखने लगा। इसी दौरान आरोपी फिर से मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि आरोपियों ने सुरेंद्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। वह बचने के लिए घर के अंदर भागने लगा, लेकिन आरोपियों ने उसे बाहर खींच लिया और लाठी, डंडों व लोहे जैसी वस्तुओं से दोनों पैरों पर हमला किया। हमले में सुरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। बचाव में आई पत्नी सरोज से मारपीट शिकायत में बताया गया कि हमलावरों में से 3-4 युवक मकान की ऊपरी मंजिल तक पहुंच गए। वहां उन्होंने सुरेंद्र की पत्नी सरोज के साथ थप्पड़ों से मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने घर में लगी LED, फ्रिज और अन्य घरेलू सामान को तोड़ दिया। वहीं घर के नीचे खड़ी मोटरसाइकिल को भी नुकसान पहुंचाया गया। हमलावर आपस में ले रहे थे एक-दूसरे के नाम पीड़ित परिवार के अनुसार वारदात के दौरान आरोपी आपस में सन्दीप, सचिन, सतीश, हरिओम, शनि और खेवड़िया नाम लेकर बातचीत कर रहे थे। शिकायत में कहा गया कि आरोपी कह रहे थे कि “तेरे लड़कों ने हमारे दोस्त रोहित जाजी के साथ जेल में झगड़ा किया था, उसी का सबक सिखाया है। जेल में बंद युवक के कहने पर हमला सुरेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसके बेटों का पहले सोनीपत जेल में बंद रोहित निवासी जाजी के साथ झगड़ा हुआ था। आरोप है कि उसी रंजिश के चलते रोहित ने अपने साथियों को भेजकर उनके घर पर हमला कराया।
पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से हमला किया और पूरे परिवार में दहशत फैलाने की कोशिश की। घायल सुरेंद्र को खानपुर अस्पताल में भर्ती घटना के बाद घायल सुरेंद्र का मेडिकल कराया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार CHC गन्नौर में MLR तैयार की गई, जिसमें दोनों पैरों पर ब्लंट इंजरी दर्ज की गई और ऑर्थोपेडिक राय मांगी गई। बाद में सुरेंद्र को इलाज के लिए BPS खानपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बयान देने के लिए फिट घोषित किया। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल में पहुंचकर उसका बयान दर्ज किया। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस पुलिस जांच में शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध बनता पाया गया। थाना गन्नौर में धारा 191(3), 190, 115(2), 331(6), 351(3) और 324(4) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच आगे के लिए ASI जयबीर और पुलिस टीम को सौंप दी गई है। पुलिस अधिकारियों को स्पेशल रिपोर्ट भी भेजी गई है और आरोपियों की तलाश में कार्रवाई शुरू कर दी गई है।