कैथल जिले के गांव टयोंठा में पड़ोस के कई व्यक्तियों ने मिलकर एक परिवार के सदस्यों पर डंडे, लाठियों और गंडासियों से हमला कर दिया। यह झगड़ा पानी की निकासी को लेकर हुआ, जब सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच एक महिला अपने घर का फर्श धो रही थी। इस दौरान गंदा पानी पड़ोसियों के मकान की ओर से नाले में जा रहा था। पड़ोसियों ने महिला और उसके परिवार को ऐसा करने से रोका। जिस पर विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के लोग अपने घर से डंडे और गंडासियां लेकर आए और ताबड़तोड़ हमला कर दिया। परिवार के सदस्यों के सिर और अन्य भागों पर गंभीर चोटें आई। परिवार के साथ अस्पताल पहुंची महिला महिला अपने परिवार सहित इलाज करवाने के लिए कैथल के नागरिक अस्पताल में पहुंची। महिला कृष्णा देवी ने आरोप लगाते हुए कहा कि वह अपने घर में फर्श धो रही थी। इस दौरान उनके पड़ोसियों ने कहा कि उनकी तरफ गंदा पानी मत आने दो। पड़ोसी प्रदीप, कृष्ण, शिवांस व अन्य उनको घसीटकर अपने घर ले गए। वहां पर उनके साथ मारपीट की। अभी कोई शिकायत नहीं आई- पुलिस आरोपियों ने उस पर डंडे व गंडासियों से हमला कर घायल कर दिया। जब उसकी बेटी व सास बचाव में आए, तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। बाद में जब उसका पति घर आया, तो उसे भी बुरी तरह से पीटा। वहीं दूसरे पक्ष से कृष्ण व प्रदीप ने बताया कि इस झगड़े में उनको भी चोटें आई हैं। आरोप लगाने वाले पक्ष के लोगों ने उनको भी पीटा है और काफी चोटें मारी हैं। इस संबंध में उनकी ओर से भी पुलिस को शिकायत दी गई है। एसडीयू इंचार्ज सुनील कुमार ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों के लोगों की ओर से पुलिस के पास शिकायत आई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। जांच के आधार पर जो तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
कैथल में परिवार को लाठी-डंडों से जमकर पीटा:पड़ोसियों के मकान के बाहर पानी जाने पर विवाद; दंपती समेत बेटी घायल
