मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के दौर के बीच आंधी-बारिश होने के साथ ओले भी गिर रहे हैं। शनिवार को दोपहर बाद भोपाल में बारिश हुई। रायसेन के कई गांवों में तेज आंधी चली। छुछार गांव में हरशिव वेयरहाउस की टीन की छत उड़ गई। 5000 मीट्रिक टन क्षमता वाले इस वेयरहाउस में सरकारी मूंग रखी है। बरेली और बाड़ी में किसानों का अनाज भीगने से सरकारी खरीदी प्रभावित हुई है। सीहोर के इछावर, बोरदी, झालकी और भाऊखेड़ी में आंधी के साथ पानी गिरा। बोरदी में विनायक वेयरहाउस पर 2 किलोमीटर तक खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में रखी फसल भीग गई। बालाघाट में दोपहर 1.30 बजे के बाद गरज-चमक के बाद तेज बारिश हुई। नगर पालिका परिसर में लगा एक पेड़ तेज हवा से गिर गया, जिसके नीचे एक बाइक दब गई। सीहोर में श्यामपुर रोड पर जाखाखेड़ी में पेड़ सड़क पर गिरा। ब्यावरा में आंधी से दुकानों के फ्लैक्स उड़ गए। पिपरिया में शाम करीब 4 बजे धूल भरी आंधी चली। हल्की बूंदाबादी भी हुई। देखिए, तीन तस्वीरें… हरदा में आंधी से टीन उड़े, पेड़ गिरे; नरवाई की आग में जली झोपड़ियां हरदा में आंधी से कई घरों के टीन उड़ गए, पेड़ सड़कों पर गिर गए। नए बस स्टैंड पर बन रही 10 करोड़ रुपए की बिल्डिंग की टीन की बाउंड्री वॉल भी उखड़ गई। विक्रमपुर गांव में खेत में लगी आग हवा से दो झोपड़ियों तक पहुंच गई। गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। रायसेन में आंधी से फैली नरवाई की आग; 6 मकान, 5 पशु, एक ट्रैक्टर, 100 क्विंटल गेहूं जला रायसेन जिले में सांची के आलमखेड़ा गांव में नरवाई की आग आंधी के कारण फैल गई। इसमें 6 मकान जल गए। 5 पशुओं की झुलसने से मौत हो गई। एक ट्रैक्टर भी पूरी तरह जल गया। 100 क्विंटल से ज्यादा गेहूं, कृषि यंत्र और घरेलू सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। शिवपुरी में आंधी से छत से गिरी महिला और किशोरी; पेड़ के नीचे दबकर दो बाइक, एक कार और स्कूटी क्षतिग्रस्त शिवपुरी जिले के फतेहपुर में अचानक आई आंधी से छत पर खड़ी 16 वर्षीय अनुरती और रामदेवी लोधी नीचे गिरकर घायल हो गईं। शहर के पोलो ग्राउंड की दीवार के नीचे दबकर बृजेंद्र उर्फ गोलू, गिरजेश चंद्र आचार्य और एक अन्य युवक घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस स्टैंड पर बादल आदिवासी के सिर में उड़कर आई किसी वस्तु के लगने से चोट आई है। माधव चौक पर नीम का पेड़ गिरने से दो बाइक और एक स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गईं। इंडस्ट्रियल एरिया में पेड़ कार पर गिर गया। बैतूल में आंधी से भड़की चिंगारी, 15 मकान जले; मवेशी भी झुलसे बैतूल जिले के बर्राढाना गांव में आंधी से खाना बनाते समय उठी चिंगारी भड़क गई। आग इतनी तेजी से फैली कि 15 से अधिक मकान जल गए। हादसे में कई मवेशियों और दोपहिया वाहनों के जलने की भी खबर है। 3 दिन ऐसा रहेगा मौसम… बदलते मौसम के मिनट टु मिनट अपडेट के लिए नीचे दिए लाइव ब्लॉग से जरूर गुजर जाइए…
भोपाल में बारिश, रायसेन में वेयरहाउस की छत उड़ी:सीहोर में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में रखी फसल भीगी; बालाघाट में पेड़ गिरा, बाइक दबी
