मुरैना में जौरा रोड बैरियर चौराहे के पास एक तेज रफ्तार यात्री बस (MP06P-1655) ने सड़क पार कर रही 40 वर्षीय महिला को कुचल दिया। हादसे में महिला बस के टायर में फंस गई और चालक ने बस रोकने के बजाय उसे करीब 30 फीट तक घसीटा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी बस चालक मौके से फरार हो गया। सिविल लाइन पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने निकाला शव, परिजन को सूचना दी सोमवार सुबह सवा 10 बजे जौरा से मुरैना की ओर आ रही यात्री बस ने राहगीर को टक्कर मारी। मृतका की पहचान बरी पुरा निवासी कमला बघेल (40) पति उत्तम बघेल के रूप में हुई है। टक्कर के बाद कमला बस के नीचे फंस गई, लेकिन ड्राइवर ने गाड़ी नहीं रोकी। सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और बस के नीचे फंसे शव को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। पुलिस ने मृतका के परिजन को घटना की सूचना दे दी है। हादसे की ये तस्वीरें विचलित कर सकती हैं… चीखते रहे लोग, महिला घिसटती चली गई हादसे के वक्त कमला के साथ मौजूद उनकी साथी सुनीता इस घटना की प्रत्यक्षदर्शी हैं। सुनीता के अनुसार, “सड़क क्रॉस कर रहे थे, तभी तेजी के साथ बस आई और कमला के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी। मैं और अन्य लोग चिल्लाए तब भी ड्राइवर ने गाड़ी नहीं रोकी। वह घिसटती चली गई।” बस जब्त, आरोपी ड्राइवर की तलाश जारी सिविल लाइन थाना प्रभारी टीआई उदयभान यादव ने कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि “हादसा हुआ है जौरा रोड बैरियर के पास जिसमें महिला की मौत हुई है। साथ में कुछ महिलाएं और थी जिन्होंने महिला की पहचान कमला बघेल के रूप में की है। कमला का शव पीएम हाउस भिजवाया जा रहा है। आरोपी बस चालक की तलाश की जा रही है बस जब्त कर ली गई है।” पानी पीने उतरी थी महिला सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान यादव के मुताबिक, मृतका कमला बाई अपने परिजनों के साथ रिश्तेदारी में गमी में शामिल होने जा रही थी। उनके साथ भतीजा, बेटा और अन्य महिलाएं भी थीं। परिजन बनामौर इलाके के बरीपुरा से मुरैना पहुंचे थे। जौरा रोड पर परिजन बस से उतरकर पानी पीने के लिए इधर-उधर हुए थे। इसी दौरान जौरा की ओर से आ रही बस के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए महिला को कुचल दिया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है। बस मालिक की पहचान हो गई है और फरार चालक की तलाश जारी है। जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है। ये खबर भी पढ़ें… हज यात्रियों को छोड़कर लौट रही कार पेड़ से टकराई, 3 लोगों की मौत, 3 घायल छिंदवाड़ा जिले के उमरानाला क्षेत्र में सोमवार तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नागपुर में हज यात्रियों को छोड़कर सिंगोड़ी लौट रही कार (MP13AJ 4859) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। पढ़ें पूरी खबर…
बस ने महिला को कुचला, 30 फीट तक घसीटा:मुरैना में टायर के बीच फंसी, चमड़ी सड़क पर चिपक गई; लोग चिल्लाए, पर गाड़ी नहीं रोकी
