यमुनानगर में यूपी की एक विवाहित महिला द्वारा जहरीला पदार्थ निगलने से मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने महिला के पति पर मारपीट कर जबरन जहर देने का आरोप लगाया है। महिला को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान 28 वर्षीय प्रीति पत्नी राहुल शर्मा, निवासी रामपुरा कॉलोनी, यमुनानगर के रूप में हुई है। वह दो बच्चों की मां थी। 10 दिन पहले ही दंपती ने अपनी शादी की 10वीं सालगिरह मनाई थी। प्रीति की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति राहुल शर्मा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, मुलाना अस्पताल में प्रीति के शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। पति फोन पर दूसरी लड़की से करता था बात प्रीति की मां मीना देवी, निवासी जसराना जिला फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश ने बताया कि उसके पांच बच्चे हैं, चार बेटियां और एक बेटा शिवम। उसकी सबसे बड़ी बेटी प्रीति की शादी 16 अप्रैल 2016 को राहुल शर्मा, निवासी रामपुरा कॉलोनी यमुनानगर के साथ हुई थी, जो प्यारा चौक के पास गोलगप्पे की रेहड़ी लगाता है। शादी के बाद से ही राहुल शर्मा अपनी पत्नी प्रीति के साथ अक्सर मारपीट और झगड़ा करता था। परिजनों का आरोप है कि राहुल किसी अन्य युवती से फोन पर बात करता था, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पति ने बहुत मारा है, आकर बचा लो मां मीना देवी के अनुसार, प्रीति समय-समय पर फोन के जरिए अपनी मां को पति के व्यवहार की जानकारी देती थी और काफी परेशान रहती थी। मीना ने बताया कि वीरवार रात को प्रीति का फोन आया था। वह रो रही थी और उसने कहा कि राहुल ने उसे बहुत मारा है और उसे आकर बचा लो। मीना ने बताया कि अगली सुबह ससुराल पक्ष से फोन आया कि प्रीति ने जहर निगल लिया है। इसके बाद वह तुरंत फिरोजाबाद से यमुनानगर पहुंचीं। उन्हें पता चला कि प्रीति को गंभीर हालत में अंबाला के मुलाना अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल पहुंचने पर प्रीति की हालत बेहद गंभीर थी। मीना के अनुसार, इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि या तो प्रीति को जबरन जहर दिया गया या फिर उसने पति की प्रताड़ना से तंग आकर यह कदम उठाया। शादी की सालगिरह पर भी पीटा प्रीति के भाई शिवम ने बताया कि 16 अप्रैल को उसकी बहन और जीजा की शादी की 10वीं सालगिरह थी, लेकिन उस दिन भी राहुल ने प्रीति के साथ मारपीट की थी। शिवम ने आरोप लगाया कि राहुल का किसी दूसरी लड़की के साथ संबंध था, जिसका विरोध करने पर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। प्रीति की मौत से उसके दो बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। शिवम ने यह भी आरोप लगाया कि राहुल प्रीति को अपने मायके वालों से बात तक नहीं करने देता था और उसने उसका फोन भी हैक कर रखा था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस चौकी रामपुरा की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच अधिकारी विनोद ने बताया कि एफएसएल टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। महिला के पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगामी कार्रवाई की जा रही है।
यमुनानगर में जहर निगलने से विवाहिता की मौत:10 दिन पहले मनाई शादी की सालगिरह, UP में मां को कॉल कर कहा-पति ने बहुत पीटा
