सुसाइड से पहले यमुनानगर की बेटी ने डाली पोस्ट:लिखा-मुझे किसी ने नहीं समझा, काश समझ पाते; अंबाला ससुराल में लगाया फंदा

Spread the love

यमुनानगर की रहने वाली 28 वर्षीय नैना की मौत ने एक बार फिर रिश्तों के अंदर छिपे दर्द को उजागर कर दिया है। अंबाला जिले के नारायणगढ़ क्षेत्र में ससुराल के कमरे में फंदे से लटकी मिली जगाधरी के मुखर्जी पार्क निवासी नैना ने मौत से पहले अपने दिल का दर्द सोशल मीडिया पर बयां किया। नैना ने सुसाइड से कुछ समय पहले इंस्टाग्राम पर एक सेड गाने के साथ अपनी फोटो शेयर करते हुए लिखा—“मुझे किसी ने नहीं समझा, काश मुझे समझ पाते” यह पोस्ट अब उसके आखिरी शब्द बन गए, जो उसके भीतर चल रही पीड़ा को बयान कर रहे हैं। हाथ जोड़कर ले जाते थे बेटी को नैना की मां पूनम का कहना है कि सुनैना लंबे समय से मानसिक तनाव में थी। बेटी को शादी के बाद से ही दहेज के लिए परेशान किया जाता था। जब भी वह मायके आती, ससुराल वाले हाथ जोड़कर माफी मांगते, उसे वापस ले जाते और सुधार का भरोसा देते, लेकिन कुछ ही दिनों में फिर वही अत्याचार शुरू हो जाता। मां के अनुसार, ससुराल पक्ष लगातार नैना पर दबाव बनाता था कि वह अपने पिता से पैसे लेकर आए। उससे कहा जाता था कि तेरा बाप फैक्ट्री वाला है, उससे पैसे लेकर गाड़ी दिलवा दे, सोने की अंगूठी दिलवा दे। हेयर का कोर्स कर बड़ा पार्लर खोलना चाहती थी पूनम ने बताया कि इन सबके बीच नैना अपने सपनों को भी जिंदा रखना चाहती थी। उसने पार्लर का कोर्स किया था और अब हेयर का अलग से प्रोफेशन काम सीखना चाहती थी। इसके बाद वह खुद के दम पर बड़ा ब्यूटी पार्लर खोलने का सपना देख रही थी। वह छोटी-मोटी पार्लर की काम भी कर रही थी और अपने सपने को पूरा करने के लिए कमेटी डालकर पैसे जोड़ रही थी, जिसे वह उसके पास जमा कराती थी। ताकि कोई उसके मेहनत की कमाई छीन न सके। जब भी मायके आती तो कहती मां जल्द ही बड़ा पार्लर ओपन होगा, लेकिन हालात ऐसे बने कि उसका यह सपना अधूरा रह गया। पिछली पंचायतों की जानकारी जुटाएगी पुलिस पुलिस जांच में भी सामने आया है कि नैना को ससुराल वालों द्वारा प्रताड़ित किया जाता था। नारायणगढ़ थाना प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि पिछली जितनी भी पंचायतों में सुनैना और उसके ससुराल वालों के समझौते हुए हैं, उन सभी से भी मामले में पूछताछ की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम कराया तो प्राथमिक जांच में यह सुसाइड ही पाया गया है। वहीं मौत का असली कारण पक्की रिपोर्ट आने पर ही पता चल जाएगा। फिलहाल पुलिस ने सुसाइड के लिए उकसाने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 2018 में हुई शादी, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप बता दें कि यमुनानगर के जगाधरी स्थित मुखर्जी पार्क निवासी नैना की शादी वर्ष 2018 में अंबाला जिले के नारायणगढ़ क्षेत्र के गांव कुराली निवासी गौरव के साथ हुई थी, जो मेडिकल लैब में काम करता है। करीब एक माह पहले ससुराल में विवाद के बाद वह अपने 6 साल के बेटे के साथ मायके आ गई थी। परिजनों का आरोप है कि लगभग 15 दिन पहले उसका पति अपने जीजा के साथ आया और जबरन सुनैना के बेटे को अपने साथ ले गया। इसके बाद वह और अधिक मानसिक तनाव में रहने लगी। मंगलवार को ससुराल पक्ष फिर आया, माफी मांगी और उसे वापस अपने साथ ले गया। बुधवार को गांव के सरपंच ने फोन कर सूचना दी कि नैना ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंचे परिजनों को ससुराल वाले घर से फरार मिले, जिसके बाद उन्होंने हत्या का आरोप लगाया।