भिवानी में 2 युवकों पर गिरी लेंटर लिफ्ट मशीन:गर्दन फंसी, एक की मौत, दूसरा घायल; मां बोलीं- किसी ने मदद नहीं की

Spread the love

भिवानी के नया बाजार एरिया में लेंटर ढलाई का काम करने आए 2 युवक हादसे के कारण करीब 20-22 फीट ऊंचाई से गिर गए। हादसे में मशीन नीचे गिरने के कारण युवक उसके नीचे दब गए। इस हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए भिवानी के नागरिक अस्पताल में लाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरे युवक की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई में रेफर कर दिया। मामले की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान मध्यप्रदेश के जिला टिकमगढ़ निवासी करीब 18 वर्षीय हरदेश पाल के रूप में हुई है। दूसरे घायल का नाम ग्यारसी है। मां बोली- लेंटर ढलाई के लिए गए थे मृतक हरदेश की मां पानाबाई ने बताया कि उसका बेटा हरदेश पाल और एक अन्य युवक नया बाजार में लेंटर पर मजदूरी करने गए थे। काम के दौरान मशीन पलट गई। जिसके बाद उसका बेटा ऊपर से नीचे गिर गया। उसके साथ दूसरा युवक भी नीचे गिर गया। उसके बेटे की गर्दन मशीन में दब गई। उसे कोई बचाने के लिए नहीं आया। वह खुद ही अपने बेटे को निकालने का प्रयास करती रही। कोई ठेकेदार व मालिक भी बचाने नहीं आया। उसके बेटे को न्याय दिलाया जाए। तीन भाई-बहन थे हरदेश मृतक हरदेश के भाई विक्की ने बताया कि वे कुल तीन बहन-भाई थे। जिनमें से 2 भाई व एक बहन है। सबसे बड़ा वह खुद (विक्की) है। दूसरे नंबर पर हरदेश, जबकि छोटी एक बहन है। हरदेश फिलहाल मेहनत मजदूरी करने के लिए भिवानी आया हुआ था। वह परिवार के साथ भिवानी की नेताजी कॉलोनी में रहते हैं। लापरवाही का केस दर्ज भिवानी के सिविल लाइन थाना एसएचओ सुमित कुमार ने बताया कि नया बाजार में लेंटर ढलाई के बाद मशीन की सफाई करते समय 2 युवक नीचे गिर गए। इसी दौरान मशीन भी ऊपर गिर गई। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई और दूसरा घायल है। हादसे के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। बयानों के आधार पर ठेकेदार और मकान मालिक के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।