रोहतक में प्रवेश हत्याकांड में खुलासा:अपनी दो पत्नियों की भी हत्या कर चुका आरोपी, अब छोटे भाई की पत्नी का मर्डर कर फरार

Spread the love

रोहतक जिले के गांव रिठोल फोगाट में महिला की हत्या करने के मामले में नया मोड़ सामने आया। छोटे भाई की पत्नी पर तेजधार हथियार से वार करने वाले आरोपी जसबीर पर अपनी ही पत्नी की हत्या करने का केस भी चल रहा है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। जिसके लिए पुलिस की 4 टीमें काम कर रही है। गांव रिठाल फोगाट में रविवार रात को घर पर ससुर व बच्चों के साथ घर पर मौजूद महिला पर उसके जेठ जसबीर ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। जसबीर ने महिला को लहू लुहान करके छोड़ दिया और मौके से फरार हो गया। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर कमरे में सो रहे बेटे हितेश ने अपने मामा को फोन करके सारी बात बताई। सूचना के बाद महिला के भाई मौके पर पहुंचे, तो वहां महिला खून में लथपथ हालत में पड़ी हुई थी और आसपास के लोग भी जमा थे। भाईयों ने तुरंत घायल महिला को पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया, जहां इलाज के दौरान महिला ने अंतिम सांस ली। महिला के ससुराल पक्ष से कोई भी व्यक्ति मौके पर नहीं आया, जिसके कारण पुलिस ने शव मायके पक्ष को सौंप दिया। आरोपी का रहा आपराधिक रिकॉर्ड आरोपी जसबीर का आपराधिक रिकॉर्ड बताया जा रहा है। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि जसबीर ने अपनी पहली पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद जसबीर ने दूसरी शादी की और उसकी भी हत्या कर दी। जसबीर की एक नवजात बच्ची भी बताई, जिसके बारे में भी किसी को कोई जानकारी नहीं है। ग्रामीणों को आशंका है कि जसबीर ने उसे भी मार दिया होगा। हत्या के बाद से जसबीर फरार आरोपी जसबीर का अपना कहने को कोई नहीं है। दोनों पत्नियों की हत्या कर चुका है, कोई बच्चा भी नहीं है, इसलिए माता-पिता व छोटे भाई के परिवार के साथ ही रहता है। छोटे भाई सुखबीर की पत्नी प्रवेश की हत्या करने के बाद से जसबीर फरार है, जिसे पुलिस चारों तरफ खोज रही है। मायके पक्ष का आरोप, पहले भी कर चुके मारपीट मृतका प्रवेश के भाईयों राकेश व सोमदास ने बताया कि प्रवेश के ससुराल पक्ष के लोग पहले भी मारपीट कर चुके है। दो बार गंभीर रूप से प्रवेश के साथ मारपीट हुई थी, जिसमें पंचायती तौर पर फैसला हुआ था। अक्सर ससुराल के लोग प्रवेश के साथ दुर्व्यवहार करते थे। भात में ना जाने को लेकर दी थी धमकी मृतका के भाई राकेश ने बताया कि 11 मार्च को जसबीर व सुखबीर को भात भरना था। इस दौरान जसबीर ने धमकी दी थी कि प्रवेश भात में नहीं जाएगी। अगर प्रवेश भात में गई, तो वह उसे जान से मार देगा। इसके बावजूद प्रवेश भात में गई, जिसकी रंजिश रखते हुए जसबीर ने हत्या की है। आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस सदर थाना एसएचओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि छोटे भाई की पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी जसबीर का आपराधिक रिकॉर्ड है। जसबीर पर अपनी पत्नी की हत्या करने का आरोप है। अब छोटे भाई की पत्नी को भी मार दिया। पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर मायके पक्ष को सौंप दिया, जबकि आरोपी की तलाश में 4 टीमों द्वारा छापेमारी की जा रही है।