पति से झगड़कर हाईवे पर दौड़ी पत्नी, 4 गाड़ियां भिड़ीं:करनाल में महिला को बचाने के चक्कर में हादसा, बोली- पति मारपीट कर रहा था

Spread the love

करनाल के दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर रविवार शाम एक पति-पत्नी के झगड़े के चलते 4 गाड़ियां भिड़ गईं। झगड़े के बाद महिला अचानक हाइवे के बीच दौड़ने लगी थी, जिस कारण कार के इमरजेंसी ब्रेक लगाने पड़े। महिला को बचाने के चक्कर में ड्राइवरों का संतुलन बिगड़ गया और वो आपस में टकरा गए। हादसे में एक कार सवार महिला घायल हो गई, जिसे तुरंत पास के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हाईवे पार करते समय बिगड़ा संतुलन, 4 गाड़ियां टकराईं करनाल के शामगढ़ के पास ईआरवी पर तैनात पुलिसकर्मी सोनू ने बताया कि पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद महिला दोनों तरफ का हाइवे पार करने लगी। अचानक महिला के सामने आने से वाहन ड्राइवरों ने ब्रेक लगाए, जिससे संतुलन बिगड़ गया। इसी दौरान दिल्ली-चंडीगढ़ और चंडीगढ़-दिल्ली लेन में दोनों तरफ दो-दो गाड़ियां भिड़ गईं। घायल महिला को ईआरवी ने पहुंचाया अस्पताल हादसे में कार सवार एक महिला घायल हो गई, जिसे ईआरवी की मदद से तुरंत पास के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और ट्रैफिक को सुचारू करवाया। प्रत्यक्षदर्शी बोले- अचानक सामने आई महिला कार ड्राइवर जगजीत सिंह ने बताया कि वह करनाल से अंबाला जा रहा था। अचानक एक महिला हाइवे क्रॉस करती दिखी, उसे बचाने के प्रयास में गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसे में चारों कारों को नुकसान हुआ है। महिला ने पति पर लगाए मारपीट के आरोप वहीं, सड़क पार करने वाली महिला का कहना है कि उसका पति उसके साथ मारपीट कर रहा था, जिससे परेशान होकर वह जान देने के लिए हाइवे के बीच भाग गई। पुलिस के अनुसार अभी तक महिला की तरफ से कोई शिकायत नहीं दी गई है। यदि शिकायत मिलती है तो उसी के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।