सोनीपत में ड्राइवर की मौत, इंजीनियर की हालत गंभीर:कंपनी के काम से जा रहे थे; KMP पर अचानक ब्रेक मारने से टकराई ईको

Spread the love

सोनीपत में कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेस-वे पर एक अज्ञात वाहन ड्राइवर की लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। पिपली गांव के पास एक वाहन द्वारा अचानक ब्रेक लगाए जाने के कारण पीछे से आ रही एक ईको वैन उससे जा टकराई। इस हादसे में ईको वैन के ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि वैन में सवार कंपनी के इंजीनियर गंभीर रूप से घायल हो गए। खरखौदा पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। सोनीपत में मुरथल क्षेत्र के ताजपुर गांव के रहने वाले संदीप ने बताया कि वह राई इंडस्ट्रियल एरिया की ‘राई फॉन’ कंपनी में बतौर इंजीनियर कार्यरत हैं। उसने बताया कि वह सुबह कंपनी के ड्राइवर सचिन के साथ ईको वैन में सवार होकर कंपनी के काम से राजस्थान के नीमराना जा रहा था। KMP पर लहरा रही थी गाड़ी जब वे खरखौदा एरिया में KMP पर थे, तो उनके आगे एक ड्राइवर अपनी गाड़ी को बेहद लापरवाही से सड़क पर लहरा रहा था। ड्राइवर सचिन ने उससे बचने की कई बार कोशिश की, लेकिन तभी अचानक उस ड्राइवर ने सड़क के बीचों-बीच जोर से ब्रेक मार दिए। इससे उनकी ईको गाड़ी सीधे उस वाहन से जा टकराई। वे गाड़ी में ही फंस गए। राहगीरों ने उनको गाड़ी से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। ईको ड्राइवर की मौत हुई संदीप ने बताया कि इलाज के दौरान उसको पता चला कि उनके साथी ड्राइवर सचिन (निवासी खरखौदा) की इस हादसे में लगी चोटों के कारण मौत हो गई है। संदीप का फिलहाल सोनीपत के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने लिए घायल के बयान दूसरी तरफ हादसे की सूचना मिलते ही खरखौदा थाना पुलिस की टीम सक्रिय हो गई। एएसआई नीरज ने बताया कि उन्हें पहले सीएचसी खरखौदा से ड्राइवर सचिन की मौत (ब्रॉट डेड) की सूचना मिली थी, जिसके बाद वे घायल संदीप का बयान लेने बहादुरगढ़ और फिर सोनीपत के निजी अस्पताल पहुंचे। खरखौदा थाने में केस दर्ज मृतक सचिन के शव का पोस्टमार्टम सोनीपत के नागरिक अस्पताल में करवाया जा रहा है। घायल संदीप के बयान के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 (तेज गति और लापरवाही), 125(A) (जान जोखिम में डालना) और 106 (लापरवाही से मौत) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।