फरीदाबाद के सोहना टी-पॉइंट के पास मंगलवार रात एक तेज रफ्तार कैंटर ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में दो साइकिल सवारों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए ईएसआईसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कैंटर को जब्त कर लिया है, जबकि आरोपी कैंटर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान 36 वर्षीय मुन्ना पासवान के रूप में हुई है। वह फरीदाबाद के कुरैशीपुर इलाके में रहता था और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर का निवासी था। बताया जा रहा है कि मुन्ना पासवान एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। मंगलवार रात करीब आठ बजे ड्यूटी खत्म करके अपने घर कुरैशीपुर लौट रहा था। कैंटर ने कई वाहनों को मारी टक्कर जानकारी के अनुसार, रात करीब साढ़े आठ बजे एक कैंटर चालक हार्डवेयर चौक से सेक्टर-23 और सेक्टर-24 की ओर सोहना टी-पॉइंट की तरफ जा रहा था। जैसे ही कैंटर टी-पॉइंट के पास पहुंचा, चालक ने तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए सड़क पर जा रहे कई वाहनों को टक्कर मार दी। इस दौरान कैंटर की चपेट में दो-तीन कार, एक ऑटो, एक बाइक और दो साइकिल सवार आ गए। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर जाम लग गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कैंटर चालक काफी तेज गति से गाड़ी चला रहा था और वह नशे की हालत में था। टक्कर लगने से बाइक सवार मुन्ना पासवान गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कार चालक नितिन, ऑटो चालक गोविंदा और साइकिल सवार राजेंद्र प्रताप सिंह व महेंद्र भी घायल हो गए। हादसे के बाद कैंटर ड्राइवर फरार घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल मुन्ना पासवान को बीके अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य घायलों को ईएसआईसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। साइकिल सवार राजेंद्र प्रताप सिंह और महेंद्र की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर सेक्टर-58 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कैंटर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। सेक्टर-55 चौकी के जांच अधिकारी एएसआई हरविंदर ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत पर अज्ञात कैंटर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस फरार ड्राइवर की तलाश कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। देखें फोटो…
फरीदाबाद में कैंटर ने कई गाड़ियों को कुचला:बाइक सवार की मौत, चार घायल, यूपी का रहने वाला था युवक, ड्राइवर फरार
