अपने ही बयान में फंसे विजयवर्गीय, चुनाव आयोग पहुंची कांग्रेस:कलेक्टर से बोले भाजपा विधायक- सांसद बाद में बनना; नेता स्टाइल में एसपी का बर्थडे

Spread the love

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। कैलाश विजयवर्गीय की चुनाव आयोग में शिकायत
पश्चिम बंगाल को लेकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का बयान कहीं उनके लिए भारी न पड़ जाए। कांग्रेस ने उनके खिलाफ चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाया है। दरअसल, हाल ही में रतलाम में मीडिया ने विजयवर्गीय से पूछा था कि वे पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के लिए क्यों नहीं जा रहे। इस पर उन्होंने कहा था कि उनके खिलाफ कई गिरफ्तारी वारंट हैं और 38 फर्जी केस दर्ज हैं। अगर वे वहां जाएंगे तो गिरफ्तारी हो सकती है, इसलिए पार्टी ने उन्हें जाने से मना किया है। अब उनके इसी बयान को लेकर कांग्रेस सक्रिय हो गई है। आरोप है कि विजयवर्गीय ने चुनाव के दौरान इन मामलों की जानकारी अपने नामांकन फॉर्म में छिपाई। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मीडिया एडवाइजर मुकेश नायक ने कहा कि विजयवर्गीय ने खुद स्वीकार किया कि उन पर कई मामले दर्ज हैं। लेकिन इनकी जानकारी उन्होंने चुनाव के समय अपने नामांकन में नहीं दी। उन्होंने मांग की है कि जिस आधार पर विजयपुर से विधायक मुकेश मल्होत्रा का चुनाव शून्य घोषित हुआ, उसी आधार पर विजयवर्गीय का चुनाव भी निरस्त किया जाए। कांग्रेस का दावा है कि इस संबंध में चुनाव आयोग में शिकायत की जा चुकी है। अब देखना होगा कि आयोग क्या रुख अपनाता है। कलेक्टर ने रात में वेयरहाउस का ताला खुलवाया
लगता है कुछ अधिकारियों पर नेतागिरी जैसा रंग चढ़ता जा रहा है। अशोक नगर में कलेक्टर साकेत मालवीय किसानों की फसल की तुलाई नहीं होने की सूचना पर रात में ही वेयरहाउस पहुंच गए और ताला खुलवाया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि किसान अपनी फसल लेकर खड़े रहें और अधिकारी चैन से सोएं, यह नहीं चलेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि तुलाई में जितनी देर होगी, उतनी ही देर तक सभी को जागना पड़ेगा। कलेक्टर की इस एक्शन का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें वे अधिकारियों को फटकार लगाते नजर आ रहे हैं। अब लोग कह रहे हैं कि कलेक्टर साहब ने तो नेता स्टाइल में काम कर दिया है। विधायक ने की कलेक्टर की तारीफ, फिर कसा तंज
गुना में तो कलेक्टर की वर्किंग स्टाइल पर भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने पहले उनकी तारीफ की, फिर ये तारीफ देखते-देखते तंज में बदल गई। अंबेडकर जयंती पर आयोजित एक कार्यक्रम में भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने कलेक्टर को लेकर कहा- अपने जिलाधीश महोदय इस समय जो काम कर रहे हैं, करवा रहे हैं। वे इस सम्मान के पात्र हैं। वो क्या काम करा रहे हैं, गुनिया नदी की सफाई करा रहे हैं, बहुत जोर से। विधायक ने आगे कहा- आपके पास बहुत फोन आएंगे, दिल्ली से, गुना से, भोपाल से। ये आपकी क्षमता है। आप अपनी क्षमता को उजागर करो। आप कुशल प्रशासक हैं। आपकी तारीफ में तो लोग कसीदे पढ़ रहे हैं कि आप सांसद बनो। अरे सांसद बाद में बनो, पहले यहां तो कुछ करके दिखा दो। अब विधायक का ये बयान चर्चा का विषय बन गया है। वैसे ये पहली बार नहीं है, जब विधायक ने कलेक्टर को निशाने पर लिया हो। इससे पहले विधायक कलेक्टर को नाकारा तक कह चुके हैं। भिंड में एसपी का बर्थडे सेलिब्रेशन, फूलों की बारिश
भिंड के एसपी डॉ. असित यादव का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उनका जन्मदिन खास अंदाज में मनाया गया। वीडियो में दिख रहा है कि उन्हें एक बड़ी सी माला पहनाई गई और फिर कुर्सी पर बैठाकर उन पर फूलों की बारिश की गई। इतने फूल बरसाए कि एसपी फूलों से ढंक गए। अब लोग कह रहे हैं कि ये तो किसी नेता जैसा सीन हो गया। लोगों का ऐसा प्यार अकसर नेताओं के लिए ही देखने को मिलता है। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), केके शर्मा (रतलाम), आशीष रघुवंशी (गुना), संजीव यादव (अशोक नगर), पवन दीक्षित (भिंड) ये भी पढ़ें –
मंत्री का नींद में फोटोशूट, हो गए ट्रोल: जमकर नाचे शिवराज, धीरेंद्र शास्त्री का क्रूज पर सत्संग एमपी के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर को आपने कभी नाली तो कभी टॉयलेट साफ करते और कभी झाड़ू लगाते देखा होगा। इस बार उन्होंने कुछ अलग ही कर दिया। सोते हुए फोटोशूट कराया। यानी नींद में ही तस्वीरें खिंचवाईं, फिर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। अब मंत्री जी ट्रोल हो गए हैं। पूरी खबर पढ़ें