कैथल में बदमाश का एनकाउंटर, पैर में लगी गोली:चीका में दुकानदार पर की थी फायरिंग, पहले से आपराधिक रिकॉर्ड

Spread the love

कैथल जिले के चीका में मोबाइल दुकानदार पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस की स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने एक बदमाश का एनकाउंटर किया। वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी से पुलिस की ढांड क्षेत्र में मुठभेड़ हुई, जिसके बाद बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे काबू कर लिया गया। आरोपी की पहचान कुरुक्षेत्र के कीर्ति नगर निवासी रजत के रूप में हुई है, जिस पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। चीका में फायरिंग की घटना के बाद आरोपी रजत फरार हो गया था। वहीं दूसरा आरोपी फिलहाल फरार चल रहा है। पुलिस ने पीछा कर दबोचा कैथल स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट इंचार्ज सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस गुप्त सूचना मिली कि आरोपी ढांड क्षेत्र में मौजूद है और दोबारा उसी दुकानदार को निशाना बनाने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी बाइक पर सवार होकर भागने लगा। पुलिस ने उसके पीछे वाहन लगाया, तो आरोपी ने नेशनल हाईवे 152डी पुल के नजदीक पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस पर करीब चार राउंड गोलियां चलाई गईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की एक गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया और इलाज के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया। फिरौती मांगने का आरोप पूछताछ में पता चला कि यह फायरिंग उनकी गैंग के सरगना साहिल भागल के कहने पर की थी, जो वर्तमान में अमेरिका में रह रहा है। साहिल भागल पर कुरुक्षेत्र में पहले भी कई स्थानों पर फायरिंग कर फिरौती मांगने के आरोप हैं। रजत ने अपने एक साथी के साथ मिलकर पहले भी उसी दुकानदार पर गोली चलाई थी, क्योंकि दुकानदार ने फिरौती की रकम नहीं दी थी। पुलिस की ओर से मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जाएगा।