हरियाणा में चुनाव आयोग ने शहरी निकाय चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। 10 मई को पंचकूला मेयर पद के लिए मतदान होगा तथा 13 मई को मतगणना कार्य होगा। जिसके लिए कांग्रेस व BJP नेताओं अपनी पार्टियों के बड़े नेताओं की परिक्रमा शुरू कर दी है। पंचकूल नगर निगम मेयर का टिकट पाने के लिए कांग्रेस में 13 वर्करों ने दावेदारी जताई है। जिसमें मुख्य तौर पर पूर्व चेयरमैन रविंद्र रावल, पूर्व महिला प्रदेश अध्यक्ष सुधार भारद्वाज, मनवीर गिल, अक्षयदीप चौधरी, सलीम दबकौली शामिल हैं। हालांकि टिकट की मुख्य लड़ाई सुधा भारद्वाज व रविंद्र रावल के बीच रहने वाली है। वहीं कांग्रेस के बड़े चेहरे मनीष बंसल का नाम भी चर्चा में आ रहा है। SC वार्डों में टिकट के लिए मारामारी कांग्रेस में वार्ड पार्षद की टिकट के लिए 65 आवेदन आए हैं। जिसमें से करीब 50 आवेदन ऐसे हैं, जो केवल 3 वार्डों लिए आए हैं। SC आबादी बहुलता वाले वार्ड 15, 16 व 7 में करीब 15-15 आवेदन आए हैं। वहीं इसके अलावा पंचकूला शहर के अधिकांश वार्डों से एक या दो वर्करों ने ही आवेदन किया है। यानि की बाकी वार्ड में कांग्रेस के लिए प्रत्याशी तलाशना भी मुश्किल हो सकता है। 5 लोगों की कमेटी तय करेगी कांग्रेस की टिकट पंचकूला शहर में नगर निगम चुनाव को लेकर टिकट के लिए 5 नेताओं की कमेटी टिकट फाइनल करेगी। जिसमें सीएलपी लीडर भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र, सांसद वरूण चौधरी, MLA चंद्रमोहन व जिला प्रधान संजय चौहान शामिल हैं। जिला प्रधान के पास आए आवेदन स्क्रीनिंग कमेटी की मीटिंग में रखे जाएंगे, उसके बाद वहां से नाम फाइनल किए जाएंगे। BJP ने बुलाई कोर कमेटी मीटिंग हरियाणा में नगर निगम चुनावों की तैयारियों को लकेर वैसे तो भाजपा ने पहले ही प्रभारियों की नियुक्ति कर दी थी। लेकिन अब तारीखों का ऐलान होने के बाद BJP ने कोर कमेटी मीटिंग बुलाई है। जिसमें प्रत्याशियों के चयन, स्टार प्रचारकों की सूची तथा नेताओं की चुनावी ड्यूटियां लगाने को लेकर चर्चा होगी। पंचकूला स्थित पंचकमल कार्यालय में बैठक का आयोजन 14 अप्रैल को सुबह 11 बजे किया जा रहा है। कोर कमेटी मीटिंग में हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी, BJP प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली, संगठन मंत्री फणिंद्रनाथ शर्मा, महामंत्री सुरेंद्र पूनियां, अर्चना शर्मा व राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ शामिल रहेंगे। बैठक के बाद हरियाणा घोषणा पत्र कमेटी व स्टार प्रचारकों से जुड़ी सूचियां भी जारी हो सकती हैं।
पंचकूला के SC वार्डों में पार्षद टिकट के लिए मारामारी:कांग्रेस में मेयर के 13 दावेदार, हुड्डा समेत 5 नेताओं की कमेटी करेगी तय
