डिप्टी कलेक्टर रायगढ़ प्रवीण भगत ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि, 3 अगस्त को होने जा रही प्रयोगशाला परिचारक भर्ती परीक्षा का समय प्रात: 11 बजे से प्रारंभ होगा। जिसमें परीक्षार्थी को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम 2 घंटे पूर्व परीक्षा केन्द्र में पहुंचना होगा ताकि प्रवेश के दौरान उनकी जांच फ्रिस्किंग एवं सत्यापन कार्य किया जा सके। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रात: 10.30 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा, इसके बाद एंट्री नहीं होगी। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र में आबंटित एक पुरूष एवं एक महिला कर्मी से फ्रिस्किंग(जांच) का कार्य किया जाएगा। महिला अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग महिला पुलिस कर्मी से ही कराया जाएगा। रायगढ़ जिले में 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिले से 6009 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया है।
परीक्षा के समय परीक्षार्थियों के लिये जारी निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। परीक्षार्थी को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े और फुटवियर के रूप में सिर्फ चप्पल पहनने के निर्देश हैं। कान में किसी भी प्रकार का आभूषण वर्जित है। परीक्षा प्रारंभ होने के पहले आधा घंटा में एवं परीक्षा समाप्ति के आखिरी आधा घंटा में परीक्षा कक्ष से बाहर जाना वर्जित है। परीक्षा कक्ष में किसी प्रकार का संचार उपकरण इलेक्ट्रानिक उपकरण, इलेक्ट्रानिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णत: वर्जित है।
