दिल्ली में बुधवार रात एअर इंडिया की सिंगापुर जाने वाली बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर फ्लाइट संख्या AI2380 में खराबी आ गई। इसके कारण 200 से ज्यादा यात्रियों को लगभग दो घंटे तक फ्लाइट में बैठे रहने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर उतार दिया गया। फ्लाइट को रात लगभग 11 बजे दिल्ली से रवाना होना था, लेकिन इसमें देरी हो गई। फ्लाइट में मौजूद PTI के एक पत्रकार के अनुसार, एयर कंडीशनिंग सिस्टम और बिजली सप्लाई में खराबी थी। लगभग दो घंटे तक बैठाए रहने के बाद, सभी यात्रियों को फ्लाइट से उतारकर टर्मिनल बिल्डिंग ले जाया गया। हालांकि, यात्रियों को फ्लाइट से उतारने का कोई खास कारण नहीं बताया। एअर इंडिया की ओर से भी तत्काल कोई बयान नहीं आया। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो क्लिप में यात्री फ्लाइट के भीतर गर्मी से परेशान दिखे। वे हवा करने के लिए अखबारों और मैगजीन का इस्तेमाल करते दिखाई दिए। आज की अन्य बड़ी खबरें… साल के अंत तक पूरे देश में SIR की तैयारी, चुनाव आयोग ने राज्यों से पुराने रिकॉर्ड मंगवाए चुनाव आयोग जल्द पूरे देश में वोटर लिस्ट की विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की तारीख तय करेगा। अधिकारियों के मुताबिक, यह प्रक्रिया साल के अंत से पहले शुरू हो सकती है। आयोग का मकसद है कि वोटर लिस्ट से अवैध प्रवासियों को हटाया जाए और कोई भी योग्य नागरिक छूटे नहीं। बुधवार को दिल्ली में राज्यों के मुख्य चुनाव अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें बताया गया कि अगले साल 5 राज्यों (असम, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, केरल और पुडुचेरी) में विधानसभा चुनाव हैं। इसलिए SIR की प्रक्रिया जल्द शुरू कर सकते हैं। बैठक में यह भी तय किया गया कि वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने के लिए जरूरी दस्तावेजों को आसान बनाया जाएगा।
भास्कर अपडेट्स:एअर इंडिया की दिल्ली-सिंगापुर फ्लाइट में खराबी, दो घंटे फ्लाइट में बैठाए रहने के बाद 200+ यात्रियों को उतारा
