आगरा में नाले में बहा डेढ़ साल का बच्चा, मौत:घर के बाहर खेल रहा था, बारिश की वजह से ओवरफ्लो था नाला; 100 मीटर दूर मिला शव

आगरा में नाले में बहा डेढ़ साल का बच्चा, मौत:घर के बाहर खेल रहा था, बारिश की वजह से ओवरफ्लो था नाला; 100 मीटर दूर मिला शव

आगरा में डेढ़ साल के बच्चे की नाले में गिरकर मौत हो गई। बच्चा घर के बाहर खेल रहा था। बारिश के पानी के तेज बहाव में वो नाले में बहता हुआ दूर चला गया। करीब पौन घंटे बाद बच्चा नाले में करीब सौ मीटर दूर मिला। बच्चे की मां अपने मायके में रह रही थी। इकलौते बेटे की मौत होने से मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया- घर के सामने से नाला बहता है। न सफाई होती है और न ही नाले को ढका गया है। इस वजह से हादसा हो गया। घटना विकास खण्ड अछनेरा के कस्बा रुनकता के होली मोहल्ले की है। अब जानिए पूरा मामला
कस्बा निवासी सुरेश दिवाकर की बेटी किरन की शादी चार साल पहले राजस्थान के जिला भरतपुर के कस्बा रुदावल निवासी पिंटू के साथ हुई थी। पति से मनमुटाव होने के कारण दो साल से किरन अपने पिता के यहां रुनकता में रह रही थी। किरन के डेढ़ साल का इकलौता बेटा प्रियांशु उर्फ शिव था। सुरेश ने बताया- बुधवार बरसात होने के कारण सभी लोग घर पर मौजूद थे। प्रियांशु दरवाजे पर खेल रहा था। घर के सामने नाला बहता है। दोपहर करीब तीन बजे बच्चा दरवाजे पर नहीं दिखाई दिया तो परिजनों ने आसपास के लोगों से पता किया, लेकिन बच्चा नहीं मिला। इसके बाद नाले में तलाश की गई। करीब पौन घंटे बाद बच्चा नाले में करीब सौ मीटर दूर मिला। परिजन बच्चे को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे। जहां पर डाक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। बच्चे की मां किरन का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने बच्चे को पंचनामा भर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मौके पर पहुंचे कानून गो देवेन्द्र कुमार व लेखपाल सतीश कुशवाह ने परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है। खुला हुआ है नाला
कस्बा शनिदेव रोड पर है। जहां पर हर शनिवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु निकलते हैं। घरों के सामने सड़क किनारे नाला बना हुआ है, जिसमें बाजार सहित आधे से अधिक कस्बे का पानी निकलता है। नाला पूरी तरह खुला हुआ है। लोगों ने घरों में घुसने के लिए नाले पर पत्थर रख रखे हैं या सीढ़ियां बना रखी हैं। बरसात के दिनों में ओवर फ्लो होकर बहता है नाला
ग्रामीण ने बताया- काफी समय से नाले की स्थिति खराब है। न सफाई होती है और न ही नाले को ढका गया है। बरसात के दिनों में नाला ओवर फ्लो होकर बहता है। अगर नाला ढका हुआ होता तो बच्चे की जान नहीं जाती। ग्राम प्रधान अनूज कुमार का कहना है कि बरसात के कारण नाले में पानी ओवरफ्लो बह रहा था। बच्चे का पैर फिसलने के कारण बच्चा बह गया। नाला बड़ा है। पंचायत स्तर पर नाले को ढकने की व्यवस्था नहीं हो सकती है। —————— ये खबर भी पढ़ें… गोरखपुर में मदरसे से लौट रही बच्ची नाले में डूबी:100 मीटर तक बही, युवक गोद में लेकर दौड़ते हुए हॉस्पिटल पहुंचा, लेकिन नहीं बची गोरखपुर में मदरसे से लौट रही 8 साल की बच्ची की नाले में गिरने से मौत हो गई। बच्ची भाई के साथ पढ़ने गई थी। मदरसे से लौटते समय बारिश हो रही थी और सड़क पर करीब एक फीट तक पानी भरा था। पैर फिसलने से बच्ची खुले नाले में गिर गई। यह देख भाई बचाने के लिए चिल्लाने लगा। आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *