हजारीबाग में नीलांबर-पीतांबर चौक पर 1857 क्रांति के वीर शहीदों की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ की गई है। अज्ञात लोगों ने गुरुवार को प्रतिमा का धनुष तोड़ दिया। यह घटना दो दिन के अंदर दूसरी है। इससे पहले सिद्धू कानू चौक पर सिद्धू कानू की प्रतिमा खंडित की गई थी। उस घटना के बाद आदिवासी समाज ने चौक पर प्रदर्शन किया था। प्रशासन के आश्वासन और सीसीटीवी लगाने के वादे पर प्रदर्शन समाप्त हुआ था। सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा बल की तैनाती की मांग आदिवासी नेता विजय सिंह भोक्ता ने इसे सुनियोजित साजिश बताया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आदिवासी समाज परंपरागत हथियारों के साथ आंदोलन करेगा। उन्होंने सभी प्रतिमाओं के पास सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा बल की तैनाती की मांग की है। सदर थाना प्रभारी सुभाष सिंह ने मौके का निरीक्षण किया है। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई का वादा किया है।
हजारीबाग में महापुरुषों की प्रतिमाओं पर हमला:नीलांबर-पीतांबर की प्रतिमा का धनुष तोड़ा, दो दिन पहले भी मूर्ति की गई थी खंडित
