कैथल जिले के बाबा लदाना गांव में खेतों में अचानक आग लगने से गेहूं की करीब 53 एकड़ खड़ी फसल जलकर राख हो गई। यह आगजनी की घटना गांव बाबा लदाना और बुढ़ा खेड़ा के बीच हुई, जिसमें बाबा लदाना के किसानों की फसल जल गई। दोनों गांवों के बीच रजबाहा के पास खेतों में आग लगी है। आगजनी की यह घटना दोपहर करीब दो बजे की है। जानकारी के अनुसार, रास्ते से गुजर रहे लोगों ने खेतों में लगी आग को देखा। उन्होनें तुरंत किसानों और फायर ब्रिगेड का इसकी सूचना दी। गांव के लोग ट्रैक्टर व हैरो लेकर खेतों में पहुंच गए। दो कैथल व एक एक कलायत और धैनारी से फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने में लग गए। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, अभी तक आगजनी के कारणों का पता नहीं लग पाया है। फायर ब्रिगेड के अधिकारी आग लगने के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि यह आग या तो कहीं पर शॉर्ट सर्किट के कारण लगी है या फिर कहीं से कोई चिंगारी खेतों में गिरी होगी। इन किसानों की खड़ी फसल जली आगजनी की इस घटना में किसान रतना बाबा लदाना की 18 एकड़, जयभगवान की 6 एकड़, सुमेरचंद की चार एकड़ गेहूं, सीता राम की 8 एकड़, जगदीप सिंह की चार एकड़, संदीप की डेढ़ एकड़, सीता राम की ढाई एकड़, पीपी सैनी की चार एकड़ व प्रवीन की तीन एकड़ व अन्य किसानों की फसल जल गई। किसानों से सरकार से गुहार लगाई कि उनके नुकसान की भरपाई की जाए। फायर स्टेशन इंचार्ज राजकुमार ने बताया कि घटना की सूचना पाकर विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई थी। ग्रामीणों की सहायता से आग पर काबू पाया गया। उन्होंने बताया कि नुकसान की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। उसी के आधार पर आगे की कार्यवाही होगी।
कैथल में गेहूं की 53 एकड़ फसल जलकर राख:फायर ब्रिगेड ने 3 घंटे बाद पाया काबू, कारणों का पता नहीं, किसानों ने भरपाई की मांग की
