गुरुग्राम जिले में हेलीमंडी स्थित राजकीय माध्यमिक स्कूल में खून से सनी लाश मिलने के मामले में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। मृतक के शव के पास जहां खून से सना पत्थर का एक बड़ा टुकड़ा मिला है, वहीं 20 कदम दूर एक पेड़ के पास मजबूत रस्सी भी पाई गई है। जिससे पुलिस को शक है कि आरोपियों ने पहले उसे बांधकर पीटा, फिर बरामदे में ले जाकर पत्थर मार-मारकर मौत के घाट उतार दिया। पांच दिन बाद मृतक रवि का जन्मदिन था और वह अभी नाबालिग था। उसकी उम्र भी 20 साल नहीं, बल्कि 17 साल पाई गई है। आधार कार्ड में उसका जन्म 15 अप्रैल 2009 अंकित है। पुलिस द्वारा स्कूल और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। वह एक ठेके के पास भी देखा गया था। पत्थर को हथियार मान रही पुलिस शव के पास ही खून से सना एक बड़ा पत्थर का टुकड़ा मिला है, जो आमतौर पर मकान की छत बनाने में इस्तेमाल होता है। फॉरेंसिक टीम इस पत्थर को हथियार मानकर जांच कर रही है। लाश के निकट शराब की खाली बोतल और चखना के खाली पैकेट भी बरामद हुए हैं। इससे लगता है कि हत्या से पहले रवि अपने हमलावरों के साथ शराब पी रहा था। पुलिस का मानना है कि यह हत्या किसी पुरानी रंजिश, झगड़े या व्यक्तिगत दुश्मनी का नतीजा हो सकती है। शव के आसपास खून के छींटे और फर्श पर फैला खून इस बात की तस्दीक करता है कि हत्या अत्यंत बेरहमी से की गई। हेडटीचर बाबूलाल ने सबसे पहले देखी डेडबॉडी सुबह करीब 7:25 बजे हेडटीचर बाबूलाल G.M.S.P.S. हेलीमंडी स्कूल पहुंचा। जैसे ही वह स्कूल परिसर में कमरे के बरामदे की ओर बढ़ा, तो एक युवक मृत अवस्था में फर्श पर पड़ा हुआ दिखाई दिया। उसके मुंह और माथे पर गहरी चोटें लगी हुई थीं तथा चारों ओर काफी खून बह रहा था। यह देखकर वो पूरी तरह स्तब्ध रह गए। माथे और मुंह पर स्पष्ट चोट के निशान मृतक के माथे और मुंह पर स्पष्ट चोट के निशान थे, जो किसी भारी वस्तु से मारे जाने का संकेत दे रहे थे। वह पूरी तरह निश्चल पड़ा था और उसमें कोई सांस या हरकत नहीं दिख रही थी। मैं तुरंत समझ गया कि यह लड़का मर चुका है। पास में खून से सना पत्थर पड़ा था। उसने तुरंत इस घटना की सूचना पुलिस चौकी हेलीमंडी को दी। पुलिस टीम जल्द ही स्कूल पहुंची और मौके का निरीक्षण शुरू किया। मूलरूप से यूपी का रहने वाला मृतक रवि मूलरूप से उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले का रहने वाला था और वह दिल्ली के जनकपुरी में रहता था। वर्तमान में रवि हेलीमंडी में किराए के मकान में रह रहा था। किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी चोट मारकर निर्मम तरीके से हत्या कर दी है। आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस इस संबंध में पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी है। जल्द ही आरोपियों को अरेस्ट कर लिया जाएगा।
गुरुग्राम के स्कूल में जिसकी मिली लाश, वो नाबालिग:पेड़ के पास रस्सी मिलने से बांधकर पीटने का शक, 5 दिन बाद था जन्मदिन
