गुरुग्राम जिले में सोहना स्थित एक फॉर्म हाउस मालिक की हत्या कर दी गई। यह घटना गांव हरचंदपुर के पास स्थित एक फॉर्म हाउस में हुई। मृतक की पहचान घाटा के राहुल के रूप में हुई है। राहुल का हरचंदपुर गांव के पास एक फॉर्म हाउस था। इसी फॉर्म हाउस में उसकी खून से लथपथ बॉडी मिली है। इस फॉर्म हाउस पर राहुल ने एक नौकर भी रखा हुआ था, जो घटना के बाद से लापता है। परिजनों ने नौकर पर हत्या करने का शक जताया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शवगृह भेजकर नौकर की तलाश शुरू कर दी है। रविवार को फॉर्म हाउस पर गया था परिजनों के अनुसार राहुल रविवार को फॉर्म हाउस पर गया था, लेकिन वापस घर नहीं लौटा। जब परिजनों ने उनसे फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, तो कोई जवाब नहीं मिला। आशंका होने पर परिजन फॉर्म हाउस पहुंचे, जहां राहुल का शव मिला। देर रात घटना की सूचना मिलने पर सदर सोहना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राहुल की हत्या ईंट-पत्थरों और किसी तेजधार हथियार से की गई है। सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार नौकर की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गुरुग्राम में फॉर्म हाउस मालिक का मर्डर:ईंट-पत्थर और तेजधार हथियार से वार; घटना के बाद से नौकर फरार
