मुंगेर पुलिस और STF की संयुक्त टीम ने मंगलवार तड़के लगभग 4 बजे कुख्यात नक्सली प्रकाश कोडा को उसके पैतृक गांव से गिरफ्तार कर लिया। प्रकाश कोडा (35) जमुई का बरहट थाना क्षेत्र के मुशहरी टांड गांव निवासी सोराय कोडा का बेटा है। उसके खिलाफ लड़ैयाटांड थाना में कांड संख्या 36/19 दर्ज है। थानाध्यक्ष विभांशु शेखर भास्करम ने बताया कि 3 सितंबर 2019 को न्यू पैसरा के विजया पहाड़ी पर प्रकाश कोडा दर्जनों नक्सलियों के साथ हत्या और गंभीर वारदात की साजिश रच रहा था। गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई में STF और CRPF की टीम ने मौके से गोरेलाल नैया को एक दोनाली बंदूक, 14 कारतूस और नक्सली साहित्य के साथ गिरफ्तार किया था। घटना के बाद से प्रकाश कोडा था फरार इसी मामले में प्रकाश कोडा सहित 19 नामजद और अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इनमें रावण कोडा, नारायण कोडा, पंचू कोडा, फगुनी कोडा, बोली कोडा, सिंघो, नरेश, मंशा, वीरेन्द्र कोडा, मुकेश मंडल, जय पासवान और सूरज मुर्मू शामिल हैं। घटना के बाद से प्रकाश कोडा फरार चल रहा था। आखिरकार मंगलवार को उसे उसके घर से दबोच लिया गया। पुलिस गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ कर रही है। साथ ही नक्सली नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश तेज कर दी गई है।
मुंगेर से नक्सली गिरफ्तार, हत्या की साजिश का आरोप:मुंगेर पुलिस और STF ने संयुक्त छापेमारी में घर से पकड़ा
