फरीदाबाद में दो बहनों पर पेट्रोल डाल लगाई आग:एक की मौत- दूसरी गंभीर, देवरानी ने पति की बाइक से निकाला था, पारिवारिक रंजिश

Spread the love

फरीदाबाद की डबुआ कॉलोनी में दो सगी बहनों को पेट्रोल डालकर जलाने के मामले में नया खुलासा सामने आया है। आरोप है कि देवरानी पिंकी कई दिनों से अपने पति की बाइक से थोड़ा-थोड़ा पेट्रोल चुराकर जमा कर रही थी और उसी पेट्रोल से उसने वारदात को अंजाम दिया। वहीं, रविवार सुबह इस घटना में गंभीर रूप से झुलसी सीमा की जयपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि उसकी बड़ी बहन मीना की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार मीना करीब 60 प्रतिशत तक झुलसी हुई है, जबकि सीमा करीब 90 प्रतिशत तक जल गई थी। यह घटना 3 अप्रैल की शाम को हुई थी। डबुआ कॉलोनी निवासी मीना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पति देवेंद्र पाल चार भाई हैं। सबसे बड़े उनके पति देवेंद्र पाल हैं, उनके बाद देवेश, फिर गजपाल सिंह और सबसे छोटे वेदबीर हैं। मीना की सगी छोटी बहन सीमा की शादी उनके देवर देवेश के साथ हुई है। दोनों बहनें अपने-अपने परिवार के साथ एक ही मकान में ऊपर-नीचे रहती थीं। मीना के दो बच्चे हैं, जबकि सीमा के तीन बच्चे हैं। देवरानी को पसंद नहीं था दो बहनों का मिल-जुलकर रहना परिवार का कहना है कि दोनों बहनें आपस में मिलजुल कर रहती थीं, लेकिन सबसे छोटे देवर वेदबीर की पत्नी पिंकी को यह बात पसंद नहीं थी। इसी रंजिश के चलते वह उनसे अक्सर झगड़ा करती थी। आरोप है कि पिंकी कई दिनों से अपने पति की मोटरसाइकिल से थोड़ा-थोड़ा पेट्रोल निकालकर जमा कर रही थी और घटना वाले दिन उसी पेट्रोल को एक बाल्टी में भरकर अपने साथ ले आई। बताया जा रहा है कि उस दिन पिंकी एक बैग लेकर मीना और सीमा के घर पहुंची। दोनों बहनों ने उसके लिए चाय और खाना भी बनाया। शाम करीब 5 बजे जब दोनों बहनें घर की छत पर खड़ी होकर बातचीत कर रही थीं, तभी पिंकी वहां पहुंची और अचानक दोनों पर पेट्रोल फेंक दिया। इसके बाद उसने माचिस से आग लगा दी। आसपास के लोगों ने बुझाई आग, अस्पताल ले गए आग लगते ही दोनों बहनें बुरी तरह झुलस गईं और किसी तरह छत से नीचे आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में मदद की। स्थानीय लोगों ने दोनों को पहले नीलम बाटा रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में दोनों को जयपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान रविवार सुबह सीमा की मौत हो गई, जबकि मीना का उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर आरोपी देवरानी पिंकी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है, उसे गिरफ्तार कर दो दिन की डिमांड पर लिया गया है पूरे मामले की जांच की जा रही है। उसने पेट्रोल कब-कब किस-किस दिन निकाला है इसकी पूछताछ की जा रही है वहीं परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।