करनाल जिले में चुंडीपुर गांव के नजदीक दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब युवक अपने रिश्तेदार को लेने के लिए घर से निकला था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, मोहिदीपुर निवासी अनिल कुमार अपनी बाइक पर सवार होकर किसी रिश्तेदार को लेने जा रहा था। जैसे ही वह चुंडीपुर गांव के पास पहुंचा, सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद अनिल कुमार सड़क पर गिर गया और उसे गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने घायल अनिल कुमार को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया। बाद में परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उसे करनाल के अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रात को आया था रिश्तेदार का फोन मृतक के परिजन रविंद्र ने बताया कि बीती रात अनिल कुमार के पास उसके एक रिश्तेदार का फोन आया था। उसने उसे लेने के लिए बुलाया था। इसी कारण वह बाइक लेकर घर से निकला था, लेकिन रास्ते में हादसे का शिकार हो गया। अनिल कुमार अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गया है। उसकी मौत के बाद परिवार में गहरा दुख है और घर में मातम का माहौल बना हुआ है। पुलिस जांच में जुटी घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच अधिकारी मनजीत का कहना है कि मामले की जांच जारी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
दो बाइकों की टक्कर में युवक की मौत:करनाल में रिश्तेदार को लेने जा रहा, रात को आया था फोन, तीन बच्चों का पिता
