हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) द्वारा नई शिक्षा नीति के तहत सेकेंडरी/सीनियर सेकेंडरी (नियमित) एवं गुरूकुल/विद्यापीठ (पूर्व मध्यमा सह माध्यमिक/उत्तर मध्यमा सह वरिष्ठ माध्यमिक) की दो बार परीक्षा आयोजित करवाने का निर्णय लिया गया है। इच्छुक परीक्षार्थी 4 अप्रैल से 10 अप्रैल तक द्वितीय परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। जानकारी देते हुए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि सेकेंडरी (10वीं) एवं सीनियर सेकेंडरी (12वीं) वार्षिक परीक्षा फरवरी/मार्च-2026 का समापन हो चुका है। ऐसे सभी नियमित परीक्षार्थी जो वार्षिक परीक्षा फरवरी/मार्च-2026 में प्रविष्ट हुए हैं, लेकिन अपनी दी गई परीक्षा से संतुष्ट नहीं हैं, ऐसे परीक्षार्थियों को शिक्षा बोर्ड द्वारा अंक सुधार का मौका दिया गया है। उन्होंने बताया कि इच्छुक परीक्षार्थी अतिरिक्त विषय को छोड़कर अधिकतम किन्हीं भी 3 विषयों की पुन: परीक्षा देने के लिए स्वयंपाठी तौर पर 1000 रुपए शुल्क सहित बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर 4 अप्रैल से 10 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। परीक्षार्थियों को दिया मौका बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि इसके अतिरिक्त जो परीक्षार्थी अपरिहार्य कारणों जैसे गंभीर बीमारी/चोट/खेल व सांस्कृतिक प्रतियोगिता इत्यादि परिस्थितियों के कारण वार्षिक परीक्षा में प्रविष्ट नहीं हो पाए। ऐसे सभी परीक्षार्थी बोर्ड कार्यालय में निर्धारित तिथियों में संपर्क करते हुए निर्धारित शुल्क ऑफलाइन व पात्रता संबंधित दस्तावेज जमा करवाकर परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। यदि कोई परीक्षार्थी प्रथम वार्षिक परीक्षा में सभी विषयों की परीक्षा में अनुपस्थित रहा है और पुन: परीक्षा के लिए आवेदन करता है तो ऐसे परीक्षार्थी का आवेदन पत्र अयोग्य मानते हुए रद्द किया जाएगा। इसके लिए परीक्षार्थी स्वयं जिम्मेदार होगा। उन्होंने बताया कि परीक्षा की तिथि बारे परीक्षार्थियों को शीघ्र ही सूचित कर दिया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन करते समय किसी प्रकार की तकनीकी समस्या के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 01664-254300 पर संपर्क कर सकते हैं।
हरियाणा के विद्यार्थियों को शिक्षा बोर्ड ने दिया मौका:दोबारा दे पाएंगे एग्जाम; 10वीं-12वीं के परीक्षार्थी 4 अप्रैल से कर सकेंगे आवेदन
