हरियाणा के करनाल में लव मैरिज के चार माह बाद ही युवती ने सुसाइड कर दिया। मामला सिर्फ इतना था कि पति ने मामूली कहासुनी पर घर से बाहर जाकर उसका मोबाइल नंबर ब्लैकलिस्ट में डाल दिया था। जब उसने कई बार पति को कॉल की, तो इसकी जानकारी हुई। इसके बाद उसने भी पति के मोबाइल नंबर को ब्लैकलिस्ट में डालकर सुसाइड कर लिया। पति जब घर पहुंचा तो दरवाजा बंद था। उसने कॉल की, लेकिन नंबर ब्लैकलिस्ट होने की वजह से फोन नहीं मिला। इसके बाद पति ने शोर मचाते हुए आसपास के लोगों को बुलाया और दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे तो पत्नी को फंदे से लटकाया पाया। इसके बाद सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के मोर्च्युरी हाउस में भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने घर से भागकर करीब 4 महीने पहले लव मैरिज की थी। वर्तमान में युवती का अपने मायके वालों से कोई संपर्क नहीं था। वह पति के साथ किराए के मकान में रहती थी। यहां सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला… मोबाइल नंबर ब्लैकलिस्ट करने पर उठाया कदम पुलिस के मुताबिक, पति दीपक ने पूछताछ में बताया कि वह टैक्सी ड्राइवर है। झगड़े के बाद वह घर से निकल गया था। इस दौरान महक उसे बार-बार फोन कर रही थी। इससे परेशान होकर उसका नंबर ब्लैकलिस्ट में डाल दिया। दीपक ने बताया कि उसने सोचा था कि घर लौटने पर वह नंबर फिर से ब्लैक लिस्ट से बाहर कर देगा। रात को वह रात को शराब पीकर घर लौटा और नंबर को ब्लैकलिस्ट से हटाया, लेकिन तब तक महक ने उसका नंबर ब्लैकलिस्ट कर दिया था। पुलिस कर रही मामले की जांच उधर, करनाल पुलिस का कहना है कि विवाहिता महक के आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल लड़की के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। उनके बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
मोबाइल नंबर ब्लॉक करने पर पत्नी ने किया सुसाइड:करनाल में 4 माह पहले लव-मैरिज, पति को फंदे पर लटकी मिली; दरवाजा तोड़ निकाला शव
