यमुनानगर शहर के फरकपुर थाना क्षेत्र में चाकू दिखाकर हुई लूट की वारदात को 9 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इस बीच घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि तीन बदमाश साइकिल सवार को आगे बाइक अड़ाकर रोक लेते हैं। ऐसे में दो युवक बाइक से उतरकर साइकिल सवार को चाकू दिखाते हैं और तीसरा युवक बाइक को मोड़कर खड़ा हो जाता है। इस दौरान साइकिल नीचे गिर जाती है। 40 सेकेंड में बदमाश वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। 11,800 रुपए कैश व मोबाइल छीना घटना 25 मार्च तड़के तीन बजे की है, जब वार्ड नंबर-18 के सब्जी विक्रेता बेच्चु गुप्ता साइकिल पर सब्जी लेने मंडी जा रहा था। जब वह दुर्गा मंदिर से भगवती के बीच पहुंचा, तभी तीन युवक बाइक पर आए और उसकी साइकिल के आगे बाइक अड़ाकर उसे रोक लिया। बदमाशों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे और उनके हाथों में चाकू थे। आरोपियों ने पहले पैसे देने को कहा और मना करने पर उसके पेट पर चाकू रख दिया। डर के माहौल में बदमाशों ने उससे करीब 11 हजार 800 रुपए नकद और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले का सीसीटीवी फुटेज पुलिस जांच का अहम हिस्सा बना हुआ है। 9 दिन बाद भी खाली हाथ पुलिस पीड़ित ने घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी थी, जिसके बाद थाना फरकपुर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर जगतार सिंह कर रहे हैं। हालांकि, नौ दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित बेच्चु गुप्ता का कहना है कि वह अभी भी सदमे में है। आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उससे लूटा हुआ कैश व मोबाइल बरामद कराया जाए। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यमुनानगर में चाकू की नोक पर लूट, CCTV:बाइक अड़ाकर रोकी साइकिल, 40 सेकेंड में छीना कैश और मोबाइल
