यमुनानगर में काम से लौट रही विधवा की मौत:बाइक ने मारी टक्कर, सड़क पर लगा सिर, डॉक्टर के घर काम करती थी

Spread the love

यमुनानगर जिले के जगाधरी क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक सवार ने सड़क पार कर रही एक विधवा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला उछलकर सड़क पर जा गिरी और सिर सड़क से टकराने के कारण उसकी हालत गंभीर हो गई। अस्पताल में इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया, जबकि आरोपी बाइक सवार मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल यमुनानगर के शवगृह में रखवा दिया, जिसका आज पोस्टमार्टम कराया जाएगा। वहीं आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान गांव चनैटी निवासी 46 वर्षीय फूलवती पत्नी स्वर्गीय रवि कुमार के रूप में हुई है। बच्चे संभालने का करती थी काम जगाधरी सिटी थाना पुलिस को दी शिकायत में अभिषेक निवासी गांव चनेटी ने बताया कि वह प्राइवेट नौकरी करता है। वीरवार की शाम को वह अपने गांव चनेटी से किसी काम के सिलसिले में बुडिया रोड स्थित सुखमनी रिजॉर्ट की ओर जा रहा था। उसी समय उसकी चाची फूलवती, जो चौधरी देवी लाल आयुर्वेदिक कॉलेज, बुडिया रोड, जगाधरी में एक डॉक्टर के घर बच्चों की देखभाल का काम करती थी, अपना काम खत्म करके पैदल अपने गांव चनेटी लौट रही थी। उछलकर सड़क पर लगा सिर जब फूलवती बुडिया रोड से गांव की ओर मुड़कर सड़क पार कर रही थी, तभी गांव बुडिया की तरफ से एक मोटरसाइकिल सवार तेज गति, लापरवाही और गफलत से वाहन चलाते हुए आया और उसने सीधी टक्कर फूलवती को मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि फूलवती उछलकर सड़क पर गिर गई और उसका सिर पक्की सड़क से टकरा गया। दुर्घटना के दौरान मोटरसाइकिल राइडर भी असंतुलित होकर गिरा, लेकिन तुरंत उठकर अपनी बाइक लेकर मौके से जगाधरी की ओर फरार हो गया। आरोपी की पहचान करने में जुटी पुलिस अभिषेक ने बताया कि इसके बाद उसने घायल चाची को सड़क से उठाया और डायल 112 की मदद से सिविल अस्पताल, यमुनानगर लेकर गया, जहां इलाज के दौरान उसकी चाची की मौत हो गई। मौके पर पहुंच जगाधरी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया। जांच अधिकारी सुमन कुमार ने बताया कि आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और उसे जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।