हरियाणा के फरीदाबाद में गर्लफ्रेंड से मिलने आए दिल्ली के युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। विवाद युवक की गर्लफ्रेंड की छोटी बहन के किसी बात से नाराज होने पर शुरू हुआ। मामला बढ़ा तो छोटी बहन ने अपने कुछ साथियों को मौके पर बुला लिया। जिस वक्त झगड़ा हुआ, उस वक्त युवक की गर्लफ्रेंड के पिता भी मौजूद थे। कॉल कर बुलाए गए युवकों ने आते ही युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। जमकर लात घूंसे बरसाए। इसके बाद चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ वार दिए। इससे युवक खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात देख आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को उठाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। उधर, पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपी अरेस्ट किए है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। यहां सिलसिलेवार ढंग से जानिए कैसे हुआ युवक का मर्डर… दिल्ली के जैतपुर का रहने वाला था युवक : मृतक की पहचान दिल्ली के जैतपुर विस्तार निवासी 26 वर्षीय मानस राय के रूप में हुर्ह। मानस राय चंडीगढ़ की कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर का काम करता था। वह 1 अप्रैल की रात अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र की नवीन नगर चौकी इलाके के रोशन नगर गली नंबर-1 में आया था। उस समय युवती के पिता भी घर पर मौजूद थे। सभी लोग आपस में बातचीत कर रहे थे। छोटी बहन से हुआ विवाद, लड़के बुलाए : इसी दौरान युवती की छोटी बहन इस बात को लेकर नाराज हो गई कि मानस यहां क्यों आया। विवाद बढ़ने पर उसने अपने कुछ जानकार युवकों को वहां बुला लिया। कुछ ही देर बाद युवती का जानकार अमन अपने साथी प्रिंस, रोशन, राहुल और अन्य युवकों के साथ मौके पर पहुंच गया। वहां पहुंचते ही आरोपियों ने मानस राय के साथ कहासुनी शुरू कर दी, जो जल्द ही झगड़े में बदल गई। मारपीट करते हुए चाकुओं से किए कई वार: आरोप है कि अमन ने अपनी जेब से चाकू निकालकर मानस राय पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने की कोशिश में हर्ष नामक युवक के हाथ में भी चाकू लग गया। इसके बाद आरोपियों ने मानस के साथ लात-घूंसों और थप्पड़ों से मारपीट की। मारपीट के दौरान अमन ने दोबारा मानस राय के पेट में चाकू मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। पड़ोस के लोग आए तो हमलावर फरार हुए : शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। लोग इकट्ठा हुए तो हमलावर वहां से फरार हो गए। इसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल मानस राय को उठाकर पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर देखते हुए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान रात में उसकी मौत हो गई। युवक के परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंचे : घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी गई। इसके बाद मानस राय के जैतपुर निवासी पिता राजकुमार राय अस्पताल पहुंचे। वहां पुलिस भी मौजूद थी। पूरे मामले की जानकारी लेने के बाद उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने 5 हत्यारोपियों को किया अरेस्ट नवीन नगर चौकी इंचार्ज संदीप कुमार ने बताया कि 1 अप्रैल की रात रोशन नगर में जैतपुर विस्तार दिल्ली निवासी युवक की चाकू मारकर हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की और 24 घंटे के भीतर एक नाबालिग सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस और रोशन निवासी रूपनगर जैतपुर दिल्ली, राहुल निवासी टेकराम कॉलोनी जैतपुर तथा हर्ष निवासी अर्पण विहार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अमन की मृतक मानस राय के साथ पहले भी कहासुनी हो चुकी थी। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। उन्हें शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
गर्लफ्रेंड से मिलने आए दिल्ली के युवक का मर्डर:युवती की छोटी बहन ने नाराज होकर बुलाए लड़के, चाकुओं से गोदा; फरीदाबाद पुलिस ने 5 पकडे़
