फतेहाबाद शहर में रोडवेज की सिरसा डिपो की एसी बस को पंचायत भवन के पास नहीं रोकने पर यात्री ड्राइवर पर भड़क गए। यात्रियों ने ड्राइवर-कंडक्टर पर काफी गुस्सा निकाला। हंगामा देखकर पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। मामला बुधवार रात 11 बजे का है। सवारियों का तर्क था कि देर रात को बस शहर में आई है। ऐसे में उन्हें निर्धारित जगह पर न छोड़ने के कारण परेशानी झेलनी पड़ेगी। रात के समय न ऑटो मिल पाएगा और न ही घर दूर होने से वह पैदल जा सकेंगे। सवारियों ने कहा कि अगर हमारे साथ कोई हादसा हो गया, तो कौन जिम्मेदार होगा। हंगामा होता देख मौके पर पुलिसकर्मी भी आ गए। बाद में सवारियों के उतरने के बाद बस सिरसा की ओर रवाना हो गई। जानिए… क्या था पूरा मामला दरअसल, सिरसा डिपो की बस दिल्ली रूट पर गई हुई थी। रात 10 बजे बाद हिसार बस स्टैंड से बस सिरसा के लिए रवाना हुई। बस में फतेहाबाद की भी 10-15 सवारियां सवार हो गई। सभी सवारियों को पुराने बस स्टैंड की टिकट दी गई। इसके बाद बस फतेहाबाद शहर में पहुंची तो ड्राइवर ने पंचायत भवन के पास नहीं रोकी। बस में सवार यात्री जय कुमार, नरेश कुमार ने बताया कि काफी सालों पहले पंचायत भवन के पास ही पुराना बस स्टैंड होता था, इसलिए अक्सर सवारियां यहीं से चढ़ती और उतरती हैं। रात को करीब 11 बजे बस फतेहाबाद पहुंची थी, इसलिए ड्राइवर से पंचायत भवन के पास सवारियां उतारने का आग्रह किया गया था। मगर उसने कोई सुनवाई नहीं की। आखिरकार लालबत्ती चौक के पास सवारियों को उतारा गया। उन्होंने कहा कि रात को 11 बजे न तो ऑटो मिलता है और न ही ई-रिक्शा चलती है। पंचायत भवन के पास उतारने पर सवारियां पैदल घर चली जाती। इतनी दूर उतारने से उन्हें बेवजह परेशानी झेलनी पड़ी। शहर से बाहर नया बस स्टैंड इन सवारियों के मुताबिक, जब से शहर से बाहर नया बस स्टैंड बना है, तब से ऐसी परेशानियां झेलनी ही पड़ रही है। नए बस स्टैंड से दिन छिपने के बाद शहर की तरफ आना जोखिमभरा सफर रहता है। इसलिए रोडवेज प्रशासन ने निर्देश दिए हुए हैं कि शाम 7 बजे के बाद सभी बसों को शहर के बीच से निकाला जाएगा। शहर में सवारियां अक्सर पंचायत भवन के पास और फिर अनाज मंडी शेड के सामने बने पुराने बस स्टैंड पर उतरती हैं।
फतेहाबाद में रोडवेज बस न रोकने पर भड़के यात्री:पंचायत भवन के पास रोका वाहन, लोगों ने ड्राइवर-कंडक्टर पर गुस्सा निकाला
