मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। बकाया बिजली बिल मांगा तो कचरा डाला
सागर के शाहगढ़ में नगर परिषद ने हैरान कर देने वाला कारनामा किया है। यहां बिजली विभाग ने अपने बकाया बिल की राशि मांगी तो नगर परिषद ने बिजली कंपनी के दफ्तर के गेट पर कचरा डाल दिया। हुआ यूं कि बिजली कंपनी को नगर परिषद से करीब 9 लाख 61 हजार रुपए की बकाया राशि लेनी है। इसे लेकर कंपनी ने नगर परिषद से पत्राचार किया था। बताया जा रहा है कि राशि नहीं देने पर स्ट्रीट लाइट बंद कर दी गई थी। इससे नाराज नगर परिषद ने तीन ट्रॉली भरकर कचरा कंपनी के गेट पर खाली कर दिया। इसकी जानकारी मिलते ही कंपनी और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे, कचरा हटवाया और मामले को जांच में लिया। अब प्रथम दृष्टया लोग कह रहे हैं कि यह तो ‘चोरी ऊपर से सीना जोरी’ जैसा मामला हो गया। वैसे इस घटना ने विभागों में मची आपसी खींचतान को भी उजागर कर दिया है। सड़कों की बिगड़ी सूरत पर गरमाई राजनीति
ग्वालियर में सड़कों की सूरत बिगड़ गई है, जिसे लेकर कांग्रेस भी सड़कों पर है और भाजपा भी। कांग्रेस ने जर्जर सड़क के किनारे प्रदर्शन किया और सड़क निर्माण की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की भाजपा सरकार को तो कोसा ही, साथ ही नगर निगम की कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा। इधर, ग्वालियर के ही एक अन्य इलाके में भाजपा पार्षद ने जर्जर सड़क को लेकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। महिला पार्षद सड़क के बीच गड्ढे में बैठ गईं और धरना दिया। नगर निगम की सरकार पर सड़क नहीं बनवाने का आरोप लगाया। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों के नेताओं का कहना है कि सड़कों की हालत ऐसी हो गई है कि रोजाना हादसे हो रहे हैं। आए दिन लोग सड़कों के गड्ढों में गिर रहे हैं और घायल हो रहे हैं, लेकिन किसी का ध्यान इस ओर नहीं है। वैसे बता दें कि प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार है, जबकि ग्वालियर नगर निगम में कांग्रेस की सरकार है। ऐसे में भाजपा-कांग्रेस की खींचतान के बीच जनता परेशान हो रही है, और नेता अपनी-अपनी राजनीति चमकाने में लगे हैं। अब समस्या तो गंभीर है। देखना यह है कि इस पर सिर्फ राजनीति होती है या सच में जनता की सुध ली जाती है। टी राजा की सीएम डॉ. मोहन यादव को सलाह
तेलंगाना के विधायक टी राजा सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को आगाह किया है। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण पर कानून होने के बावजूद मध्य प्रदेश में धर्मांतरण के मामले सामने आ रहे हैं, इस पर समय रहते ध्यान देने की जरूरत है। टी राजा सिंह ने कहा कि यदि इस पर ध्यान नहीं दिया गया, अगर धीरे-धीरे हमारा आदिवासी समाज खत्म हो गया, अगर धीरे-धीरे हमारा हिंदू समाज खत्म हो गया तो फिर भूल जाओ कि मध्य प्रदेश में दोबारा भगवाधारी सरकार जीतेगी। उन्होंने लव जिहाद का मुद्दा भी उठाया और कहा कि इस मामले में ‘यूपी पैटर्न’ अपनाने की जरूरत है। उनका कहना था कि उत्तर प्रदेश में यदि कोई बहन-बेटियों के खिलाफ गलत नजर डालता है, तो उस पर सख्त कार्रवाई होती है। उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर मुख्यमंत्री से निवेदन करना चाहिए कि हर बहन-बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। टी राजा सिंह जबलपुर में हिंदू सेवा परिषद की गदा यात्रा में शामिल होने पहुंचे थे। मीडिया पर भड़क गए विहिप अध्यक्ष तोगड़िया
नर्मदापुरम पहुंचे डॉ. प्रवीण तोगड़िया, जो विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, एक सवाल पर भड़क गए। दरअसल, उनसे पूछा गया कि हाल ही में गो-तस्करी के एक मामले में आरोपियों के पास से उनके एक कार्यकर्ता का आईडी कार्ड मिला है। इस पर उन्होंने कहा कि एआई के दौर में कुछ भी बनाया जा सकता है। मैं मुख्यमंत्री का भी आईडी कार्ड बना सकता हूं। उन्होंने दावा किया कि उनका कोई कार्यकर्ता इस तरह के काम में शामिल नहीं हो सकता। टीआई को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताई और कहा- टीआई क्या भगवान हो गया है? इनपुट सहयोग – कपिल राठौर (सागर), विजय राठौर (ग्वालियर), सुनील विश्वकर्मा (जबलपुर), धर्मेंद्र दीवान (नर्मदापुरम) ये भी पढ़ें –
मंच पर ही राज्य मंत्री से भिड़ गईं लेडी टीआई: सीएम का संदेश- बेटों को जबरन राजनीति में मत लाओ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवा विधायक सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन नेताओं को बड़ा संदेश दिया, जो अपने बेटों को राजनीति में फिट करने को लेकर टेंशन में हैं। उन्होंने कहा कि अगर बच्चों में दम होगा, बच्चे समझेंगे तो बन जाएंगे। हम जबरदस्ती लाकर बनाने से कई बार हमारी राजनीति भी खराब हो जाती है। पूरी खबर पढ़ें
सीएम से बोले विधायक.. तो दोबारा नहीं बनेगी सरकार:बिजली बिल मांगा तो दफ्तर के आगे कचरा उड़ेला; भाजपा नेता ने गड्ढे में लगाया आसन
