गुरुग्राम में वीडियो वायरल होने पर टैक्सी ड्राइवर पर FIR:आरोपी और उसके साथी की तलाश; नंबर से हुई पहचान

Spread the love

गुरुग्राम शहर के दिल्ली द्वारका एक्सप्रेस-वे पर यशोभूमि राउंडअबाउट के पास रोड रेज की घटना को लेकर पुलिस का एक्शन सामने आया है। मामला दिल्ली सीमा के अंदर होने के कारण इस केस में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए टैक्सी ड्राइवर पर एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने टैक्सी की नंबर के आधार पर पहचान कर ली है और ड्राइवर को भी ट्रेस कर लिया गया है। हालांकि जिसके साथ बदतमीजी की गई, उसकी तरफ से शिकायत नहीं दी गई थी। पुलिस अब आरोपी ड्राइवर और उसके साथी की तलाश कर रही है। इस घटना में एक टैक्सी ड्राइवर ने नशे की हालत में गलत साइड से वाहन चलाते हुए हेड-ऑन टक्कर का खतरा पैदा कर दिया था। घटना 28 मार्च की सुबह करीब 3:50 बजे की बताई जा रही है। डैश कैम में कैद हुई घटना यह घटना कार में लगे डैशकैम में कैद हो गई थी। जिसके वीडियो में देखा गया कि टैक्सी ड्राइवर गलत दिशा से तेज रफ्तार से आ रहा था, जिससे सामने वाले वाहन ड्राइवर को अचानक ब्रेक लगानी पड़ी। जब सामने वाले ड्राइवर ने टैक्सी को रोका, तो टैक्सी में सवार यात्रियों ने कथित तौर पर गाली-गलौज और हमला करने की कोशिश की। पीड़ित ड्राइवर किसी तरह बच निकला। टैक्सी ड्राइवर पर एफआईआर दिल्ली पुलिस ने भारतीया न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है, जो लापरवाही और जोखिम भरी ड्राइविंग से संबंधित है। इस धारा के तहत दोषी पाए जाने पर छह महीने तक की कैद या जुर्माना या दोनों सजा हो सकती है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसी घटनाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। लगातार नियम तोड़ रहे वाहन ड्राइवर गुरुग्राम से दिल्ली और एयरपोर्ट आने जाने के लिए द्वारका एक्सप्रेस-वे प्रमुख हाईवे है। गुरुग्राम से यशोभूमि और आसपास के इलाके में रात के समय भी ट्रैफिक रहता है। यहां नियमों का उल्लंघन आम हो गया है। ऐसे में पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ऐसी उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी ताकि सड़कों पर अनुशासन बना रहे।