लुटेरे की बाइक का पेट्रोल खत्म, ग्रामीणों ने दबोचा:जबलपुर में हाथ-पैर बांधकर कर दी पिटाई, पुलिस के सामने उगले गैंग के राज

Spread the love

मध्य प्रदेश के जबलपुर में 3 बाइक पर सवार पांच लुटेरों ने कलेक्शन एजेंट से 27 हजार नकद, लैपटॉप और जरूरी दस्तावेज लूट लिए। भागते समय एक लुटेरे की बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। उसे ग्रामीणों ने दबोच लिया। हाथ-पैर बांधकर पिटाई कर दी। पुलिस की मार के डर से उसने अपने बाकी साथियों के नाम और पते उगल दिए। जिसके बाद पुलिस ने अन्य चार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। सभी पाटन और दमोह इलाके के रहने वाले हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने पहले और किन-किन जगहों पर वारदातों को अंजाम दिया है। कलेक्शन एजेंट के साथ की थी लूट दमोह जिले के समना गांव निवासी 34 वर्षीय हेमेंद्र पटेल टीवीएस कंपनी में कलेक्शन एजेंट हैं। वे हर महीने दमोह और जबलपुर के आसपास के गांववालों से किस्त वसूलकर रुपए दफ्तर में जमा करते हैं। 27 मार्च की शाम को हेमेंद्र, झगरा गांव में राजेंद्र के घर किश्त की राशि लेने पहुंचे थे। राजेंद्र की मां ने बताया कि वह घर पर नहीं है। एक-दो दिन में खुद दफ्तर आकर भुगतान कर देगा। इसके बाद हेमेंद्र बाइक से कटंगी रोड की ओर लौटने लगे। रास्ते में दो युवकों ने उन्हें रोका। कहा कि उनकी मां की तबीयत खराब है। अस्पताल ले जाना है, इसलिए थोड़ा पेट्रोल दे दें। हेमेंद्र ने जवाब दिया कि उनकी बाइक बीएस-6 मॉडल की है, जिससे पेट्रोल निकालना संभव नहीं है। इसके बावजूद दोनों युवकों ने उन्हें जबरन रोक लिया। पेट्रोल निकालने की कोशिश करने लगे। इसी बीच दूसरी बाइक से दो और युवक मौके पर पहुंच गए। फिर पांचों ने मिलकर हेमेंद्र के साथ मारपीट की और सामान लूटकर फरार हो गए। भागते समय बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया हेमेंद्र की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर आ गए। उन्होंने लुटेरों का पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ ही दूरी पर एक लुटेरे की बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। उसका साथी दौड़कर अपने साथियों की दूसरी बाइक पर बैठ गया। लेकिन बाइक चला रहा आरोपी ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया। ग्रामीणों ने पहले उसकी जमकर पिटाई की। इसके बाद हाथ-पैर बांधकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कटंगी थाना पुलिस ने आरोपी और उसकी बाइक को जब्त कर लिया। पुलिस पूछताछ में उसने कबूल किया कि चार साथियों के साथ मिलकर कलेक्शन एजेंट को लूटा है। आरोपियों ने पहले शराब पी, फिर बनाया प्लान पुलिस के मुताबिक, 26 मार्च की दोपहर को हर्ष बर्मन, भगवान सिंह ठाकुर, चंदन बर्मन सभी निवासी पाटन, हेतराम रैकवार निवासी दमोह, संजीव बर्मन निवासी शहपुरा ने साथ में बैठकर शराब पी। फिर लूट का प्लान बनाया। झगरा गांव के बाहर यह लोग छिपे थे, तभी हेमेंद्र बाइक से निकले। पांचों ने मिलकर उन्हें लूट लिया। पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की बेलखाड़ू चौकी प्रभारी राजेश धुर्वे ने बताया कि हर्ष बर्मन को ग्रामीणों ने पकड़ लिया था। पूछताछ में वह गुमराह करता रहा। कभी भूख लगने की बात कहता, तो कभी प्यास का बहाना बनाता। चौकी लाकर सख्ती से पूछताछ की तो टूट गया। आरोपियों से लूटा गया लैपटॉप, दस्तावेज और नकदी भी बरामद कर ली गई है। ये खबर भी पढ़ें… नाबालिग को लात-घूंसों से पीटा, नंगा कर वीडियो बनाया जबलपुर में चोरी के माल को बेचकर मिले पैसे की बंदरबांट को लेकर गिरोह में विवाद हो गया। इसमें तीन बदमाशों ने मिलकर अपने नाबालिग साथी को लात-घूंसों से जमकर पीटा। फिर उसके पूरे कपड़े उतारे। नाबालिग को खुद की चप्पल से चेहरे पर मारने को कहा। आरोपियों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। पढ़ें पूरी खबर…