SGPC के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट समेत 20 पर FIR:कुरुक्षेत्र में HSGMC के मीत प्रधान ने थी शिकायत, गन तानकर जान से मारने की कोशिश का आरोप

Spread the love

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में 10 दिन पहले हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (HSGMC) के मीत प्रधान (वाइस प्रधान) को थप्पड़ मारने और गाली-गलौज करने के आरोप में पुलिस ने FIR दर्ज की है। इसमें सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट समेत 20 लोग शामिल हैं। पिछले सप्ताह 20 मार्च को मीरी पीरी इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च शाहाबाद में यह घटना हुई थी। इस घटना के बाद HSGMC के मीत प्रधान गुरबीर सिंह तलाकौर ने कुरुक्षेत्र SP को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग रखी थी। इस पर पुलिस ने BNS की धारा 115, 190, 191(2), 299 और 351(3) के तहत थाना शाहाबाद में केस दर्ज कर लिया। तलाकौर बोले- मध्यस्थता के लिए गए गुरबीर सिंह तलाकौर ने पुलिस में दर्ज शिकायत में कहा कि वे 20 मार्च को अपने साथी नेताओं के साथ मीरी-पीरी अस्पताल में स्टाफ मेंबर के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए मध्यस्थता करने के लिए गए थे। यहां संस्थान के CEO के ऑफिस में शांतिपूर्वक बात चल रही थी। उन्होंने संस्थान को HSGMC के अधीन लाने की बात रखी थी। 19 लोगों पर गन तानने का आरोप तभी, SGPC और संस्थान के 19 लोग तलवार और बंदूक लेकर आए थे। इन लोगों ने उन पर गन तानकर हमला किया और जान से मारने की कोशिश की। आरोपियों ने उनकी पगड़ी और दाढ़ी खींची। इस दौरान उनकी सोने की चेन भी छीन ली गई। बाद में उनको अस्पताल से बाहर धकेल दिया गया और दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी। सेवा संभाल को लेकर हुआ था विवाद 20 मार्च को संस्थान की सेवा संभाल को लेकर विवाद हो गया था। HSGMC के पूर्व प्रधान एवं नॉमिनेटिड मेंबर बलजीत सिंह दादूवाल ने संस्थान पर हरियाणा कमेटी का दावा किया था। उधर, SGPC के पदाधिकारियों ने हाईकोर्ट का स्टे ऑर्डर दिखाकर खुद सेवा संभालने की बात कही थी। दादूवाल को पुलिस सुरक्षा में निकाला था इसके बाद मामला बिगड़ गया था। तब दादूवाल को पुलिस सुरक्षा के बीच बाहर निकाला गया था, जबकि मीत प्रधान गुरबीर सिंह तलाकौर के साथ मारपीट हुई थी, जिसकी वीडियो भी खूब वायरल हुई थी। उसी दिन SGPC के पदाधिकारियों ने शाहाबाद पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की गुहार लगाई थी, जबकि मीत प्रधान अगले दिन शिकायत दी। इन लोगों पर केस दर्ज हुआ पुलिस ने SGPC के सीनियर वाइस रघुजीत सिंह विर्क, बलदेव सिंह, हरदीप सिंह, प्रताप सिंह, सुखपाल सिंह, हरपिंदर सिंह, रवि इंदर, हरकेश सिंह, अमृतपाल सिंह, बलकार सिंह, गुरजीत सिंह, हरमन सिंह, पिंकी सिंह, हरिंदर सिंह, जरनैल सिंह, गुरजिंद्र सिंह, जसप्रीत सिंह, जस हुंडल, नवजीत कोहली और हरमा के खिलाफ केस दर्ज हुआ। इस मामले को लेकर SGPC के सीनियर वाइस रघुजीत सिंह विर्क से बातचीत करने के लिए 2 बार कॉल किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।