सीतापुर में एक सीनियर डॉक्टर ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली चलने की आवाज सुनकर पत्नी दौड़कर मौके पर पहुंचीं। देखा पति खून से लथपथ बेड पर औंधे मुंह गिरे पड़े थे। एक गोली उनकी कनपटी को चीरती हुई दूसरी ओर निकल गई थी। पास में रिवॉल्वर पड़ा था। नजारा देखकर पत्नी चीख पड़ीं। चिल्लाकर पड़ोसियों को बुलाया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन मोहल्ले की शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे की है। पुलिस ने घटनास्थल से रिवॉल्वर को कब्जे में ले लिया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद पत्नी को गहरा सदमा लगा है। वह बेसुध हैं और वह कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं हैं। फिलहाल आत्महत्या की वजह सामने नहीं आ सकी है। पड़ोसियों के अनुसार, डॉक्टर अपनी पत्नी के साथ रहते थे। दोनों बेटे बाहर रहते हैं। नौकरानी सुनीता ने बताया कि दो दिन पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद दोनों में बातचीत बंद थी। जानिए पूरा मामला… सिविल लाइन मोहल्ले के रहने वाले डॉ. राजेंद्र चौधरी (69) आयुर्वेद के डॉक्टर थे। उनके पास BAMS की डिग्री थी। खैराबाद में उनकी क्लीनिक थी। डॉ. चौधरी अपनी पत्नी शक्ति चौधरी (65) के साथ घर में रहते थे। पड़ोसियों के अनुसार, उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा दिवांश, एयरफोर्स में डॉक्टर हैं और खड़गपुर में तैनाती है। जबकि छोटा बेटा उत्तम, लखनऊ से एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है। शुक्रवार दोपहर दोनों घर पर ही थे। लंच करने के बाद डॉ. चौधरी फर्स्ट फ्लोर पर अपने कमरे में चले गए। पत्नी नीचे ही कुछ काम करने लगी। दोपहर करीब एक बजे डॉ. चौधरी के कमरे से गोली चलने की आवाज आई। आवाज सुनकर पत्नी दौड़ते हुए फर्स्ट फ्लोर पर उनके कमरे में पहुंची। बेड पर डॉक्टर चौधरी औंधे मुंह गिरे पड़े थे। पूरे बेड पर खून पसरा था। पास ही रिवाल्वर पड़ा था। एक बुलेट कनपटी के आरपार हो चुका था। पत्नी शक्ति, कमरे का नजारा देखकर चीख पड़ी। चिल्लाकर पड़ोसियों को बुलाया। आसपास के लोग कमरे में पहुंचे तो नजारा देखकर दंग रह गए। इसी बीच किसी ने पुलिस को भी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। फॉरेंसिक टीम ने कमरे की जांच पड़ताल करते हुए साक्ष्य जुटाए। रिवॉल्वर को कब्जे में ले लिया। साथ ही शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। उधर, पत्नी इस घटना के बाद बेसुध हैं। बेटों के आने तक उनके पास एक महिला सिपाही को लगाया गया है। आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई सीओ सिटी विनायक भोसले ने बताया- घटना के बारे में पत्नी से पूछताछ की। उन्हें इतना सदमा लगा है कि वह कुछ भी नहीं बोल रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही कारणों का खुलासा हो सकेगा। बेटों को सूचना दे दी गई है। ————————————- ये खबर भी पढ़ेंः- थप्पड़ के बदले भतीजी का गला काटा:आगरा में किराए को लेकर झगड़ा, 8 साल की बच्ची को मारकर लाश कनस्तर में छिपाई आगरा में जूता कारोबारी की 8 साल की बच्ची की गला काटकर हत्या कर दी गई। हत्या की वजह बदला है। 10 दिन पहले बकाया किराए को लेकर मामूली विवाद में बच्ची के चाचा ने किराएदार को थप्पड़ मारा। कमरे पर ताला लगा दिया। पढ़ें पूरी खबर…
सीतापुर में डॉक्टर ने रिवॉल्वर से गोली मारकर जान दी:बुलेट सिर के आरपार, लाश देख पत्नी बेसुध; बेटा एयरफोर्स में है
