महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल शहर में एक युवक ने अपनी पत्नी और उसकी रिश्तेदार पर घर से सोने के जेवर लेकर फरार होने का आरोप लगाया है। शहर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में केशव नगर गली नंबर-3 के रवि कुमार ने बताया कि बीते कल वह दोपहर करीब 3 बजे स्कूल से घर लौटा, तो उसकी माता बिमला, भाभी मंजीता और भाई सचिन सो रहे थे। इस दौरान उसकी पत्नी रूही घर पर नहीं मिली। उसने कई बार पत्नी के मोबाइल नंबर पर कॉल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। सोने के आभूषण ले गई साथ रवि कुमार के अनुसार, इसके बाद घर में पूजा वाले कमरे में रखी अलमारी की जांच की गई, तो उसमें रखे सोने के जेवर गायब मिले। इनमें करीब चार ग्राम की बालियां, एक तोला सोने की चेन, तीन तोला की दो चूड़ियां, दो तोला का मंगलसूत्र, सवा तीन तोला का टेवटा, डेढ़ तोला की एक अन्य चेन, तीन ग्राम की अंगूठी, एक तोला की दो झुमकियां और कानों के सोने के वाले शामिल बताए गए हैं। मौसी की लड़की के साथ आई शिकायतकर्ता का आरोप है कि पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर पता चला कि उसकी पत्नी की मौसी की लड़की बुलबुल दोपहर 11:29 बजे काले रंग की एक्टिवा स्कूटी पर उनके घर आई थी और करीब 12:27 बजे चली गई। इसके बाद वह दोपहर 1:39 बजे दोबारा स्कूटी लेकर आई और 1:42 बजे उसकी पत्नी रूही को साथ लेकर घर से निकलती दिखाई दी। परिजनों के फोन उठाने किए बंद रवि कुमार का कहना है कि दूसरी सीसीटीवी फुटेज में दोनों को एक बैग के साथ गली में स्थित एक घर में जाते हुए भी देखा गया। उसके बाद से ही उसकी पत्नी घर नहीं लौटी और न ही वह या उसके परिजन फोन उठा रहे हैं। पुलिस कर रही जांच पुलिस के अनुसार शिकायत के आधार पर बुलबुल और रूही के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 और 331(3) के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंप दी गई है।
नारनौल में विवाहिता घर से जेवर लेकर फरार, VIDEO:स्कूटी पर मौसी की लड़की के साथ जाती दिखी; परिजनों का फोन उठाना बंद
