महेंद्रगढ़ जिले के सतनाली कस्बे में मंगलवार सुबह शहीद स्मृति पार्क में एक युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 7 बजे गांव के लोग सैर करने के लिए पार्क में पहुंचे थे, उन्होंने झूले से लटके शव को देख सरपंच को मामले की सूचना दी। वहीं सरपंच प्रतिनिधि धर्मवीर गोठवाल ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां देखा गया कि पार्क में लगे झूले पर रस्सी के सहारे एक युवक का शव लटका हुआ था। एसएचओ ने किया निरीक्षण इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलने पर सतनाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और आसपास के लोगों से उसकी पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक की पहचान नहीं हो सकी है। मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। रात के समय लगाया फंदा प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि युवक ने रात के समय पार्क में बने झूले पर रस्सी से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और युवक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं, मामले की जांच जारी है।
महेंद्रगढ़ में झूले से लटका मिला युवक का शव:पार्क में सैर करने पहुंचे लोगों ने सरपंच को बुलाया; नहीं हुई पहचान
