नारनौल में नेता जी सुभाष बोस स्टेडियम के पास स्थित स्वर्ग आश्रम में रविवार दोपहर दाह संस्कार के दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ जैसे हालात बन गए। इस घटना में करीब 10 लोग घायल हो गए। मोहल्ला पीरआगा निवासी राजेंद्र की सीढ़ियों से पैर फिसलने के कारण मौत हो गई थी। रविवार दोपहर करीब एक बजे परिजन उनका अंतिम संस्कार करने के लिए स्वर्ग आश्रम पहुंचे थे। जैसे ही दाह संस्कार की प्रक्रिया शुरू हुई, पास में लगे बड़े छत्ते से अचानक मधुमक्खियां भड़क गईं और वहां मौजूद लोगों पर टूट पड़ीं। इधर-उधर भागकर लोगों ने बचाई जान मधुमक्खियों के हमले से लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जिससे मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान कई लोगों को मधुमक्खियों ने डंक मार दिए, जिससे वे घायल हो गए। जिनको नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उपचार के बाद उनको छुट्टी दे दी गई। कई लोग जमीन पर लेटे हालांकि मौके पर मौजूद एक युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए लोगों को भागने की बजाय जमीन पर लेटने की सलाह दी। इससे कई लोगों को मधुमक्खियों के गंभीर हमले से बचाया जा सका और बड़ा हादसा टल गया। ये लोग हुए घायल घटना में राजेंद्र वर्मा, रणवीर सैनी, रामचंद्र, रघुवीर, राजेश, राकेश, सूबे सिंह, सोहन सिंह, भूपेंद्र और रामौतार समेत करीब 10 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। घटना के बाद कुछ देर तक स्वर्ग आश्रम परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
नारनौल में दाह संस्कार के दौरान मधुमक्खियों का हमला:लोगों ने भागकर बचाई जान; 10 लोग डंक लगने से घायल
