अमिताभ बच्चन से ट्वीट कराने पर 51 हजार का इनाम:मोदी का नाम लेते ही कांग्रेस की हो गई बेइज्जती; उमा भारती का बड़ा राजनीतिक संदेश

Spread the love

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। एलपीजी संकट पर प्रदर्शन में कांग्रेस की किरकिरी
एलपीजी संकट को लेकर कांग्रेस लगातार प्रदर्शन कर रही है। भोपाल में कांग्रेस नेताओं ने एक अनोखा प्रदर्शन करते हुए महिलाओं को चूल्हे बांटे। लेकिन इस दौरान एक ऐसा वाकया हुआ, जिसने पूरे कार्यक्रम की हवा निकाल दी। हुआ यूं कि एक कांग्रेस नेता एक महिला को चूल्हा देने लगे। साथ ही उन्होंने समझाना शुरू किया कि ये चूल्हा क्यों दिया जा रहा है। नेता जी बोले- पीएम नरेंद्र मोदी अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप के सामने सरेंडर हो गए, सरकार की विदेश नीति फेल हो गई… इतना सुनते ही महिला ने चूल्हा लेने से ही इनकार कर दिया और वहां से चल दी। पीछे से नेता जी चूल्हे को हाथ में लेकर लीजिए-लीजिए कहते रह गए, लेकिन महिला ने मुड़कर भी नहीं देखा। हाल ये रहा कि प्रदर्शन के दौरान नेताओं को चूल्हा देने के लिए महिलाओं को ढूंढने में ही काफी मशक्कत करनी पड़ी। जैसे-तैसे कुछ महिलाओं को चूल्हे दिए गए, फोटो खिंचवाई गई और कार्यक्रम निपटा दिया गया। अब लोग कह रहे हैं कि ये प्रदर्शन कम, फजीहत ज्यादा हो गई। वैसे खरी बात ये है कि गैस की किल्लत अपनी जगह है, लेकिन इसके नाम पर राजनीतिक रोटियां भी बराबर सेंकी जा रही हैं। डॉलर के मुकाबले रुपया गिरा तो बिग बी को घसीटा
डॉलर के मुकाबले रुपए की गिरावट को लेकर हो रही राजनीति में कांग्रेस ने बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन को भी घसीट लिया। कांग्रेस नेताओं ने बिग बी का 2003 का एक पुराना ट्वीट बड़े-बड़े पोस्टर्स पर छपवा दिया, जिसमें उन्होंने गिरते रुपए पर चिंता जताई थी। अब जब रुपया डॉलर के मुकाबले 93.53 के निचले स्तर पर पहुंच गया है, तो कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि अमिताभ बच्चन अब क्यों चुप हैं। इतना ही नहीं, पोस्टर पर यह भी लिखा गया कि जो उनसे ट्वीट करवा देगा, उसे 51 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा। इन पोस्टर्स पर कांग्रेस नेता विवेक खंडेलवाल और गिरीश जोशी के नाम भी लिखे गए हैं। लेकिन यहां भी एक दिलचस्प गलती हो गई। विवेक खंडेलवाल की जगह नाम ‘विवेक खंडेतवाल’ छप गया। अब लोग तंज कस रहे हैं कि जिन नेताओं ने बिग बी के नाम पर अपनी राजनीति चमकाने की कोशिश की, वे पोस्टर पर अपना नाम तक सही से नहीं लिखवा पाए। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि अगर अमिताभ बच्चन के ट्वीट से रुपया संभलता है, तो उन्हें जरूर ट्वीट करना चाहिए। फिलहाल, शहर में इन पोस्टर्स को लेकर खूब चर्चा हो रही है। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती का नया राजनीतिक संदेश
मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती राजनीतिक रूप से भले ही इस समय हाशिए पर नजर आ रही हों, लेकिन उनकी इच्छा कुछ और ही है। उन्होंने कहा कि मैं तब तक राजनीति करूंगी, जब तक जिऊंगी, और बहुत लंबा जीने का मन है। इसलिए आप लोगों का आशीर्वाद मांगती हूं। उमा भारती टीकमगढ़ में वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी के बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि मेरा चलना भी बंद हो जाए, तो आप लोग मुझे कुर्सी पर बैठाकर मंच तक ले जाएं, लेकिन मैं समाज की सेवा और राजनीति से पीछे नहीं हटूंगी। पूर्व सीएम ने कहा कि मेरी तीन चीजें काम करती रहनी चाहिए- वाणी, आंख और कान। मुझे सुनाई दे, मैं बोल पाऊं और मुझे दिखाई दे। जब तक यह रहेगा, मैं पूरी ताकत से आपके लिए संघर्ष करूंगी। अब लोग कह रहे हैं कि भले ही उमा भारती ने अपनी इच्छा जाहिर की है, लेकिन भाजपा में अपनी भूमिका नेता खुद तय नहीं करता। यह तो ऊपर वाले, यानी आलाकमान के हाथ में होता है और इसी आलाकमान ने कई नेताओं को, यहां तक कि उमा भारती के साथ राजनीति करने वाले नेताओं को भी, मार्गदर्शक बना दिया है। थप्पड़ से आहत ऑटो चालक का अनोखा विरोध
विदिशा में एक ऑटो चालक ने अपने साथ हुई कथित मारपीट के विरोध में अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। घटना के 13 दिन बाद वह श्मशान पहुंचा और वहां मुंडन कराकर विरोध जताया। यह देखकर हर कोई हैरान रह गया। ऑटो चालक का कहना है कि 7 मार्च को वह एक महिला कर्मचारी को अपने ऑटो में बैठाकर मेडिकल कॉलेज लेकर आया था। गेट पर महिला ने ऑटो रोकने के लिए कहा, लेकिन पीछे एंबुलेंस होने के कारण उसने थोड़ा आगे वाहन रोका। इसी बात से नाराज होकर महिला ने उसे थप्पड़ मार दिया। ऑटो चालक के मुताबिक, महिला बिना कुछ कहे किराया सीट पर रखकर वहां से चली गई। घटना के बाद उसने थाने और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ऑटो चालक का कहना है कि इस घटना ने उसके आत्मसम्मान को गहरी ठेस पहुंचाई है। न्याय न मिलने से दुखी होकर उसने यह कदम उठाया। उसने चेतावनी दी है कि जब तक संबंधित महिला सामने आकर जवाब नहीं देती, वह अपना विरोध जारी रखेगा। इनपुट सहयोग – रागिनी, हर्षिता (भोपाल), शैलेष दीक्षित (इंदौर), शैलेंद्र द्विवेदी (टीकमगढ़), कपिल जैन (विदिशा) ये भी पढ़ें –
कांग्रेस के मंच पर ‘दे-दनादन’, नकुलनाथ के सामने भिड़े नेता: दिग्विजय के विधायक बेटे बने ‘कचौरी वाले’ नरसिंहपुर में कांग्रेस के भीतर ‘दे दनादन’ हो गई। वो भी छिंदवाड़ा के पूर्व सांसद नकुलनाथ के सामने। नकुलनाथ अपना भाषण खत्म कर मंच से नीचे उतरे ही थे और मीडिया से बात कर रहे थे, तभी हंगामे की आवाज आई। पीछे मुड़कर देखा तो पार्टी नेता आपस में भिड़ गए थे। पूरी खबर पढ़ें