हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के बाद कांग्रेस के भीतर क्रॉस वोटिंग को लेकर घमासान तेज हो गया है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने खुलकर प्रदेश नेतृत्व पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। पूर्व विधानसभा स्पीकर और कांग्रेस नेता कुलदीप शर्मा ने जहां इस पूरे मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की, वहीं असंध से पूर्व विधायक शमशेर सिंह गोगी ने भी चुनावी प्रक्रिया और नेतृत्व की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। कुलदीप शर्मा ने कहा- जवाबदेही तय हो, नेतृत्व पर उठे सवाल
पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में हुई क्रॉस वोटिंग को लेकर हरियाणा कांग्रेस के नेताओं से जवाब मांगा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल विधायकों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश नेतृत्व की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि 37 में से 9 विधायक पार्टी लाइन से हट गए, यह स्थानीय नेतृत्व के लिए बड़ा चुनौतीपूर्ण संकेत है। राहुल गांधी के फैसले की सराहना, रिश्तेदारों की राजनीति पर तंज
कुलदीप शर्मा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने दलित समाज से कर्मवीर बौद्ध को उम्मीदवार बनाकर सही फैसला लिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा के कुछ नेताओं ने अपने रिश्तेदारों के नाम राज्यसभा के लिए भेजे थे, लेकिन राहुल गांधी ने अपनी समझदारी से ऐसे व्यक्ति को चुना, जिससे पार्टी को फायदा होने जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने अपने रिश्तेदारों को आगे बढ़ाने के लिए इस पूरे समीकरण को बिगाड़ने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए। विधायकों में असंतोष, नेतृत्व से दूरी का आरोप
कुलदीप शर्मा ने कहा कि कई विधायकों के बयान सामने आए हैं, जिनमें उन्होंने आरोप लगाया कि जब वे नेतृत्व से मिलने जाते हैं तो उनसे ठीक व्यवहार नहीं किया जाता और उनकी बातों को नजरअंदाज किया जाता है। उन्होंने कहा कि विधायकों के बीच असंतोष की भावना है और उनकी समस्याओं को सुनना जरूरी है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर क्यों विधायक पार्टी लाइन से हटकर जा रहे हैं और नेतृत्व को स्वीकार नहीं कर रहे हैं। एक परिवार तक सीमित हो रही राजनीति, व्यापक भागीदारी की मांग
उन्होंने कहा कि यह भी एक बड़ा सवाल है कि क्या हरियाणा कांग्रेस में केवल एक ही परिवार का वर्चस्व रहेगा। क्या अन्य नेताओं और परिवारों को मौका नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने हाईकमान से अपील की कि प्रदेश में नेतृत्व को लेकर गंभीरता से पुनर्विचार किया जाए और यह देखा जाए कि क्या सही तरीके से नेतृत्व दिया जा रहा है या नहीं। शेर के जरिए नेतृत्व पर साधा निशाना
कुलदीप शर्मा ने अपने बयान के अंत में एक शेर के माध्यम से नेतृत्व पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “न इधर उधर की बात करिये, बता कि काफिला क्यों लुटा, हमें राहजनी का नहीं मलाल, तेरी रहबरी का सवाल था।” उन्होंने कहा कि जब नेतृत्व मजबूत होता है तो इस तरह की स्थिति पैदा नहीं होती, इसलिए केवल विधायकों को दोष देना सही नहीं है, बल्कि पूरे मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए। शमशेर सिंह गोगी बोले- उम्मीदवार जीता, लेकिन कांग्रेस हारी
असंध से पूर्व विधायक शमशेर सिंह गोगी ने भी राज्यसभा चुनाव को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चुनाव में कांग्रेस का उम्मीदवार जीत गया, इसके लिए पार्टी को बधाई है, लेकिन 9 वोट खराब होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने बताया कि पांच वोट क्रॉस हुए और चार वोट रद्द कर दिए गए। नोटिस दिए गए विधायकों पर उठे सवाल, बयान से बढ़ा कंफ्यूजन
शमशेर सिंह गोगी ने कहा कि जिन पांच विधायकों पर आरोप लगे हैं और उन्हें नोटिस दिया गया है, वे भी पार्टी के ही सदस्य हैं। अब उनके जो बयान सामने आ रहे हैं, उनसे स्थिति और ज्यादा भ्रमित हो रही है। उन्होंने कहा कि यह देखना जरूरी है कि उनके बयानों में कितनी सच्चाई है। प्रदेश प्रभारी की भूमिका पर सवाल, पांचवें नाम को लेकर चर्चा
उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रभारी ने पहले दिन चार विधायकों के नाम लिए, लेकिन पांचवें का नाम नहीं लिया गया। इससे यह सवाल खड़ा होता है कि आखिर उसे बचाने की कोशिश क्यों की गई। बाद में जब पांचवें विधायक को नोटिस दिया गया और उसका बयान सामने आया, तो उसकी बातों को भी गंभीरता से लिया जाना चाहिए। कुमारी सैलजा के समर्थकों पर आरोपों को बताया गलत
गोगी ने कहा कि शुरुआत से ही एक नैरेटिव बनाया गया कि कुमारी सैलजा के समर्थकों ने क्रॉस वोटिंग की है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सभी 9 विधायक कुमारी सैलजा के ही थे। उन्होंने कहा कि बिना ठोस आधार के इस तरह के आरोप लगाना ठीक नहीं है। हाईकमान से निष्पक्ष जांच की मांग, बड़े नेताओं पर भी सवाल
उन्होंने कहा कि उनकी व्यक्तिगत राय में कर्मवीर बौद्ध चुनाव जीत गए, लेकिन कांग्रेस इस पूरे घटनाक्रम में हार गई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के उम्मीदवार होने के बावजूद ऐसी स्थिति बनना गंभीर संकेत है। राहुल गांधी को चाहिए कि वे केवल बड़े नेताओं से ही नहीं, बल्कि जमीनी स्तर के नेताओं से भी बातचीत करें और यह समझें कि समस्या कहां है। साजिश की आशंका जताई, निष्पक्ष जांच की मांग
शमशेर सिंह गोगी ने यह भी कहा कि शीर्ष नेतृत्व को जानकारी देने वाले लोगों की भूमिका पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं ऐसा न हो कि राहुल गांधी के खिलाफ ही अंदरखाने कोई सांठगांठ चल रही हो। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग पर कांग्रेस में उठे सवाल:कुलदीप शर्मा ने मांगा जवाब,हरियाणा नेतृत्व पर उठाए सवाल, गोगी ने राहुल गांधी का जताया आभार
