यूपी में गैस सिलेंडर की किल्लत अभी भी जारी है। बाराबंकी में एक बेटे की मजबूरी सामने आई है। बंकी के टिंडोला गांव निवासी अरुण कुमार अपने बीमार माता-पिता और दो बेटियों का पेट पालने के लिए 8 किलोमीटर पैदल चलकर गैस एजेंसी पहुंचे। अरुण रात करीब 2 बजे घर से निकले और 8 किलोमीटर पैदल चलकर अमित गैस एजेंसी पहुंचे गए। सुबह 3 बजे से वह एजेंसी के बाहर लाइन में लगे, ताकि किसी तरह सिलेंडर मिल सके। अरुण ने बताया- पिता कैंसर से पीड़ित हैं, जबकि मां ब्रेन हेमरेज के बाद से गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं। देवरिया में दिव्यांग गैस लेने पहुंचा तो उसे वापस लौटना पड़ा। एजेंसी ने बताया- 12 मार्च को जिन लोगों ने बुक किए हैं, आज उन्हें ही सिलेंडर दिए जा रहे हैं। इनकी बुकिंग 14 मार्च की थी। इसलिए इन्हें 3 दिन बाद दिया जाएगा। लखीमपुर खीरी में सपा कार्यकर्ताओं ने सिलेंडर को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। सिर पर गैस सिलेंडर रखकर और गले में लकड़ी-कंडों की माला पहनकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने इसे आम जनता की मजबूरी का प्रतीक बताया और कहा कि गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों ने गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है, जिससे लोग फिर चूल्हे और लकड़ी पर खाना बनाने को मजबूर हो रहे हैं। 3 तस्वीरें देखिए- आगरा में जिला आपूर्ति विभाग ने मंगलवार को नगला रामबल क्षेत्र में अवैध गैस रिफलिंग और भंडारण का भंडाफोड़ किया। कृष्णा विहार स्थित सेंट्रल आगरा पब्लिक स्कूल के सामने वाली गली में छापेमारी की। यहां से 6 कॉमर्शियल और 11 घरेलू सिलेंडर बरामद किए गए। इनमें कई सिलेंडर भरे हुए थे। मौके से दो डबल साइड रिफलर और एक पोर्टेबल वेल्डिंग मशीन भी मिली। गोंडा के ग्रामीण क्षेत्रों में गैस एजेंसियों के बाहर लाइन लग रही है। आज गोंडा जिले में 12, 13,14 और 15 मार्च को गैस बुकिंग करने वाले लोगों को सिलेंडर मिल रहे हैं। सुबह 6 बजे से ही गोंडा में गैस एजेंसी के बाहर लोगों की भीड़ लगी हुई है। सिलेंडर से जुड़ी अपडेट्स के लिए नीचे एक-एक ब्लॉग से गुजर जाइए…
बाराबंकी में सिलेंडर लेकर 8km पैदल चला बेटा:लखीमपुर खीरी में लकड़ी-कंडों की माला पहनकर सपा का प्रदर्शन, देवरिया में दिव्यांग को लौटाया
