बहादुरगढ़ नप में वाइस चेयरमैन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव:25 पार्षदों ने डीसी को सौंपा शपथपत्र; अभद्र भाषा और विकास कार्य अटकाने का आरोप

Spread the love

झज्जर जिले की नगर परिषद बहादुरगढ़ में वाइस चेयरमैन राजपाल शर्मा उर्फ पालेराम के खिलाफ सियासी घमासान तेज हो गया है। अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी के तहत 25 पार्षदों ने झज्जर के डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटील को एफिडेविट सौंप दिए हैं। सोमवार को पार्षदों का प्रतिनिधिमंडल झज्जर पहुंचा और डीसी कैंप कार्यालय में मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया। पार्षदों ने आरोप लगाया कि वाइस चेयरमैन राजपाल शर्मा बैठकों के दौरान अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं और शहर में होने वाले विकास कार्यों में लगातार रोड़ा अटकाते हैं, जिससे नगर परिषद का कामकाज प्रभावित हो रहा है।
भाजपा पार्षद भी विरोध में, महिला पार्षदों ने जताई नाराजगी
अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में दिए गए एफिडेविट में इनेलो और अन्य विपक्षी दलों के पार्षदों के साथ-साथ भाजपा की टिकट पर जीतकर आए कई पार्षद भी शामिल बताए जा रहे हैं। इससे साफ है कि मामला केवल विपक्ष तक सीमित नहीं, बल्कि सत्तारूढ़ दल के भीतर भी असंतोष गहरा चुका है। वार्ड 12 की पार्षद मनीषा धनखड़ ने कहा कि पालेराम शर्मा का रवैया महिलाओं के प्रति ठीक नहीं है और बैठकों में अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है, जो बेहद आपत्तिजनक है। पूरा हाउस वाइस चेयरमैन के खिलाफ: जितेंद्र राठी
वार्ड 13 से पार्षद जितेंद्र राठी ने कहा कि लंबे समय से पूरा हाउस वाइस चेयरमैन के खिलाफ है। हालात ऐसे हैं कि बीजेपी के पार्षद भी उनके विरोध में हैं। किसी भी वार्ड में विकास कार्य नहीं हो रहे और सभी पार्षदों के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। ऐसे में अविश्वास प्रस्ताव लाना जरूरी हो गया है। डीसी बोले—नियमों के तहत होगी कार्रवाई
इस पूरे मामले पर झज्जर के डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटील ने कहा कि पार्षदों द्वारा दिए गए एफिडेविट और लगाए गए आरोपों की जांच करवाई जाएगी। नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी और प्रशासन यह तय करेगा कि अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए बैठक कब बुलाई जाए। लंबे समय से चल रहा विवाद
नगर परिषद बहादुरगढ़ में पार्षदों और वाइस चेयरमैन राजपाल शर्मा के बीच विवाद कोई नया नहीं है। दोनों पक्षों के बीच मतभेद लंबे समय से चले आ रहे हैं, जो अब खुलकर सामने आ गए हैं। बताया जा रहा है कि राजपाल शर्मा, बहादुरगढ़ के पूर्व भाजपा विधायक नरेश कौशिक के खेमे से जुड़े माने जाते हैं। इस घटनाक्रम ने स्थानीय सियासत को और भी गर्म कर दिया है। राजनीति निर्णायक मोड़ पर
अविश्वास प्रस्ताव की पहल के बाद नगर परिषद की राजनीति निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। अब सबकी नजर प्रशासन के अगले कदम और संभावित बैठक की तारीख पर टिकी हुई है, जहां वाइस चेयरमैन की कुर्सी पर संकट और गहरा सकता है।