गुरुग्राम शहर में सुभाष चौक के पास सुबह के समय सड़क हादसा हो गया। जिसमें एक टाटा नेक्सन कार मेट्रो निर्माण स्थल के बैरिकेड्स से टकराकर पलट गई। हादसा सुबह करीब छह बजकर 40 मिनट पर हुआ। जिससे इलाके में लंबा जाम लग गया। राहगीरों ने कार के शीशे तोड़कर ड्राइवर को बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टाटा की नैक्सन कार ड्राइवर सामान्य गति से जा रहा था, तभी मेट्रो के बैरिकेड्स में से एक अचानक तिरछा हो गया। कार उसमें उलझ गई और पलटकर सड़क पर जा गिरी। सौभाग्य से कार में अकेले सवार ड्राइवर बाल-बाल बच गया। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है, हालांकि वह सदमे में है। जाम की स्थिति बनी प्रारंभिक जांच में ड्राइवर को कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन उसे नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक इलाज के लिए ले जाया गया। हादसे के कारण सुभाष चौक से जुड़ी मुख्य सड़क पर ट्रैफिक प्रभावित हो गया। राहगीरों को जाम खोलने में संघर्ष करना पड़ा, क्योंकि अलसुबह ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी नहीं होती। बैरिकेड्स की स्थिति पहले से खराब वाहन चालकों ने बताया कि बैरिकेड्स की स्थिति पहले से ही खराब थी और कई बार शिकायत की जा चुकी थी, लेकिन ठेकेदार या मेट्रो अथॉरिटी ने कोई कार्रवाई नहीं की। लोगों ने बैरिकेड्स की तस्वीरें लीं और इसे ट्रैफिक पुलिस को भेजा है। बेरिकेडिंग ठीक करने की मांग बताया जा रहा है कि मेट्रो प्रोजेक्ट के दौरान लगाए गए अस्थायी बैरिकेड्स में लापरवाही बरती गई, जिसके चलते यह हादसा हुआ। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि सुभाष चौक जैसे व्यस्त चौराहों पर मेट्रो कार्य के दौरान बेहतर ट्रैफिक मैनेजमेंट और सुरक्षा उपाय अपनाए जाए। हालांकि अभी पुलिस को शिकायत नहीं दी गई है।
गुरुग्राम में मेट्रो बैरिकेड्स से टकरा कर पलटी कार:राहगीरों ने तोड़े गाड़ी के शीशे; फंसे ड्राइवर को निकाला बाहर
