‘बीकेटी में लाएंगे बड़ी इंडस्ट्री या फैक्ट्री’:विधायक योगेश शुक्ला बोले- अपने काम को नंबर नहीं दे सकता, यह सिर्फ जनता का अधिकार

Spread the love

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज होने लगी है। इसी बीच लखनऊ की बक्शी का तालाब (बीकेटी) विधानसभा सीट से भाजपा विधायक योगेश शुक्ला ने दैनिक भास्कर से खास बातचीत की। उन्होंने कहा कि पार्टी और सरकार के दिशा-निर्देशों के मुताबिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि लगातार जनता के बीच रहकर काम कर रहे हैं। विधायक ने अपने चार साल के कार्यकाल में क्या काम किए? क्षेत्र में कितना विकास हुआ ? आगामी चुनाव को लेकर क्या तैयारी है ? पढ़िए हर सवाल का जवाब… सवाल: बक्शी का तालाब विधानसभा में आपका सबसे बड़ा लक्ष्य क्या है? जवाब:मेरा सबसे बड़ा लक्ष्य बक्शी का तालाब विधानसभा का समग्र विकास करना है। मैं चाहता हूं कि यह क्षेत्र विकास और बुनियादी सुविधाओं के मामले में एक मजबूत और आत्मनिर्भर क्षेत्र के रूप में आगे आए। बीते चार वर्षों में हमने सड़क निर्माण, कनेक्टिविटी और आधारभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया है। मेरी कोशिश रही है कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच की दूरी कम हो और लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। सवाल: बीते चार सालों में किन क्षेत्रों में सबसे ज्यादा काम किया?
जवाब: बीते चार सालों में हमारे विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा काम सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण पर हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों से शहर को जोड़ने वाले कई मार्ग पहले काफी संकरे(पतले) थे, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी होती थी। इन सड़कों का चौड़ीकरण कराया गया, जिससे आवागमन आसान हुआ है। साथ ही गांवों को बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया गया, जिससे स्थानीय लोगों और व्यापारिक गतिविधियों दोनों को फायदा मिला है। सवाल: बीकेटी क्षेत्र में प्रसिद्ध प्राचीन मंदिर में क्या विकास कार्य हुए?
जवाब: बीकेटी (बक्शी का तालाब) क्षेत्र में स्थित प्राचीन चंद्रिका देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई विकास कार्य कराए गए हैं। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में आधारभूत सुविधाएं बेहतर की गई हैं, ताकि आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत न हो। इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की पहल पर बने रिंग रोड प्रोजेक्ट से भी इस क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। सवाल: गरीब मरीजों के इलाज के लिए क्या प्रयास किए गए?
जवाब: पिछले चार वर्षों में हमने करीब 12 करोड़ रुपये की सहायता विधायक निधि और अन्य राहत कोष के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाई है। कई ऐसे गरीब परिवार थे जो बीमारी या अन्य संकट के समय आर्थिक रूप से कमजोर थे, उन्हें मदद दिलाने का प्रयास किया गया। मैंने कभी यह नहीं देखा कि किसी व्यक्ति ने मुझे वोट दिया है या नहीं, बल्कि हर जरूरतमंद की मदद करने की कोशिश की है। मेरे लिए जनता की सेवा ही सबसे बड़ी प्राथमिकता है। चुनाव जीतना या हारना बाद की बात है, लेकिन लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करना मेरा कर्तव्य है। सवाल: शहीद राजा दिग्विजय सिंह स्मारक को लेकर क्या कार्य हो रहा है?
जवाब: हमारे क्षेत्र के वीर शहीद राजा दिग्विजय सिंह की स्मृति को सम्मान देने के लिए एक भव्य स्मारक का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब डेढ़ करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। स्मारक का निर्माण कार्य जारी है और जल्द ही इसे पूरा कर लिया जाएगा। यह स्मारक न केवल शहीदों के प्रति सम्मान का प्रतीक होगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी देशभक्ति और बलिदान की प्रेरणा देगा। मेरा मानना है कि जिन वीरों ने देश के लिए अपना जीवन न्यौछावर किया है, उनकी स्मृति को संजोना हमारा कर्तव्य है। सवाल: क्षेत्र में रोजगार बढ़ाने के लिए क्या योजना है?
जवाब: आगामी समय में बीकेटी क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए एक बड़ी इंडस्ट्री या फैक्ट्री लाने की योजना है। अगर 2027 में जनता दोबारा मौका देती है तो यहां उपलब्ध जमीन पर उद्योग स्थापित कराने की दिशा में काम किया जाएगा, ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सके और उन्हें काम के लिए दूसरे शहरों में न जाना पड़े। हमारे यहां पर्याप्त जमीन उपलब्ध है, लेकिन कई बार उद्योगपति सस्ती जमीन की तलाश में अन्य क्षेत्रों का रुख कर लेते हैं। इसके बावजूद हम लगातार प्रयास कर रहे हैं कि यहां कोई बड़ा औद्योगिक प्रोजेक्ट आए। यदि यहां उद्योग स्थापित होता है तो इससे हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा और क्षेत्र की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। मुझे विश्वास है कि आने वाले समय में इस दिशा में हमें निश्चित रूप से सफलता मिलेगी। सवाल: शिक्षा के क्षेत्र में आपकी विधानसभा में क्या काम हुए हैं?
जवाब: शिक्षा के क्षेत्र में भी हमने कई महत्वपूर्ण पहल की है। बक्शी का तालाब में स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है और इसके आसपास के इलाकों में भी शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि यहां के बच्चों को बेहतर शिक्षा अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध हो। सवाल: 2027 के चुनाव में टिकट को लेकर आपकी क्या स्थिति है?
जवाब: आगामी चुनाव और टिकट की दावेदारी को लेकर मैं ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहता। भारतीय जनता पार्टी में यह निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व और संगठन करता है कि किसे चुनाव लड़ाना है और किसे नहीं। मेरा काम सिर्फ जनता की सेवा करना है और मैं पूरे साल, 365 दिन अपने क्षेत्र में रहकर लोगों के बीच काम करता हूं। जब मैं विधायक नहीं था, तब भी क्षेत्र में सक्रिय रहता था और आज भी उसी तरह काम कर रहा हूं। पार्टी जो भी निर्णय लेगी, मैं उसके साथ खड़ा रहूंगा, क्योंकि मैं खुद को भाजपा का एक कार्यकर्ता मानता हूं। सवाल: अपने चार साल के कामकाज को 10 में से कितने नंबर देंगे?
जवाब: अपने काम को नंबर देना मेरा काम नहीं है। यह अधिकार जनता का है। जनता ही तय करती है कि हमारे काम को कितने अंक मिलने चाहिए। बीकेटी सीट का सियासी इतिहास
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में लखनऊ की बख्शी का तालाब (बीकेटी) विधानसभा क्षेत्र का बड़ा हिस्सा साल 2007 से पहले महोना विधानसभा क्षेत्र में आता था। इस इलाके से लगातार ठाकुर, ब्राह्मण और यादव वर्ग के प्रत्याशी जीतते आए हैं। बीकेटी इलाके में यूं तो कई वर्गों के मतदाता बड़ी संख्या में हैं, लेकिन कम संख्या वाले ब्राह्मण और मुस्लिम वर्ग ज्यादा निर्णायक साबित होते रहे हैं।