हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में पानी के बड़े गड्ढे में डूबने से 5 साल के मासूम की मौत हो गई। बच्चा काफी देर तक वापस नहीं आया, तो परिवार उसे ढूंढने लगा। इसी दौरान बच्चा गड्ढे में पड़ा मिला। परिवार के लोग उसे अस्पताल भी लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मरने वाले बच्चे का नाम राजकुमार था। राजकुमार के पिता मिथुन लाडवा-पिपली रोड पर मथाना गांव के पास अश्वनी अरोड़ा के GM ईंट-भट्टे पर काम करता है। करीब 5 महीने से बिहार के लखीसराय जिले महसाना गांव का मिथुन अपनी पत्नी और 4 बच्चों के साथ भट्टे पर रह रहा है। राजकुमार अपने बहन-भाइयों में तीसरा था। टॉयलेट के लिए गया था मिथुन ने पुलिस को बताया कि वे दोपहर के समय भट्ठे पर ईंटें पाथ रहे थे। राजकुमार पास ही मिट्टी में खेल रहा था। खेलते-खेलते राजकुमार टॉयलेट करने के लिए चला गया। राजकुमार काफी देर तक वापस नहीं आया, इसलिए उसने बड़े बेटे को उसे ढूंढने के लिए भेज दिया, लेकिन राजकुमार उसे कहीं नहीं मिला। गड्ढे में पड़ा मिला बेटा कुछ देर बाद उसी के साथ खेल रहे बच्चे ने उसे राजकुमार के पानी के गड्ढे में पड़े होने की बात बताई। वह तुरंत उस गड्ढे की तरफ दौड़कर गया। उसने बच्चे को गड्ढे से बाहर निकाला और मथाना के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन बीच रास्ते में राजकुमार ने दम तोड़ दिया। पांव फिसलने के कारण हादसा राजकुमार टॉयलेट के हाथ धोने के लिए गड्ढे के पास गया था। यहां अचानक उसका पांव फिसल गया और राजकुमार सीधा गड्ढे में गिर गया। इस कारण डूबने से उसके बेटे राजकुमार की मौत हो गई। बेटे की मौत से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। अपने बेटे का शव देखकर मिथुन बार-बार उसे उठाने की कोशिश कर रहा था। इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज उधर, थाना सदर थानेसर में कार्यरत जांच अधिकारी ASI बलराम ने बताया कि मामले में इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज हुई है। यह परिवार भट्टे पर दिहाड़ी-मजदूरी करता है और हर साल सीजन में ईंट बनाने के लिए आता है। कुछ दिन बाद उनको अपने गांव लौटना था। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया।
कुरुक्षेत्र में गड्ढे में डूबने से बच्चे की मौत:पांव फिसलने से पानी में गिरा, टॉयलेट के हाथ धोते समय हादसा
