फतेहाबाद जिले के रतिया क्षेत्र में शनिवार को खूनन माइनर से एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। महिला की उम्र करीब 24 से 25 वर्ष बताई जा रही है। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में महिला के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी हत्या कर शव नहर में फेंका गया हो सकता है। पहचान के प्रयास जारी पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। शव को एंबुलेंस की सहायता से नागरिक अस्पताल रतिया पहुंचाया गया, जहां उसे पहचान के लिए 72 घंटे के लिए शव गृह में रखा गया है। पुलिस आसपास के गांवों और क्षेत्रों में महिला की पहचान सुनिश्चित करने के लिए जानकारी जुटा रही है। साथ ही, आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्टों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा- हर पहलू से जांच जारी रतिया थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात महिला की हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फतेहाबाद के रतिया में मिला युवती का शव:सिर पर चोट के निशान; हत्या करके खूनन माइनर में फेंकने का शक
