रोहतक का बनियानी गांव। यहां 4 मार्च को होली के दिन युवक विक्रम की हत्या के बाद से माहौल तनावपूर्ण है। विक्रम के पिता नरेश का कहना है कि रास्ते में बाइक खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में उनके बेटे की हत्या की गई। सभी आरोपियों को फांसी होनी चाहिए। वहीं, अब दूसरे पक्ष के लोग भी सामने आए हैं। प्रदीप, बलजीत व अन्य का कहना है कि झगड़े के बाद विक्रम अपने दोस्तों के साथ आया और गुलाल लगाने के बहाने घर में घुसकर हमला कर दिया। इसी दौरान झड़प में विक्रम को कस्सी लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई। उनका यह भी कहना है कि घटना के बाद से उनके समाज के लोग डरे हुए हैं और कुछ लोग डर की वजह से अपने घरों में ताला लगाकर चले गए हैं। उनकी शिकायत पर मामला दर्ज नहीं किया गया। कलानौर थाना पुलिस इस मामले में 13 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। पहले जानिए कौन था मृतक और उसके पिता ने क्या कहा…. 4 मार्च को रास्ते को लेकर हुआ झगड़ा बनियानी गांव निवासी विक्रम उर्फ कल्लू (27) रोहड़ स्थित एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। उसके पिता का कहना है कि साहिल और सतीश नाम के युवक 4 मार्च को पटवापुर गांव में क्रिकेट खेलकर वापस आ रहा था। रास्ते में भगवान दास कंपनी के पास निशांत अपनी बाइक खड़ी कर रहा था। उसे बाइक को रास्ते से हटाने की बात कही थी, इसी बात को लेकर निशांत ने गाली-गलौच करना शुरू कर दिया। 5 मार्च को विक्रम की मौत हुई निशांत ने अपने परिवार को बुला लिया। साथ ही 7-8 अन्य आरोपी आए, जिन्होंने रास्ता रोककर उनके साथ मारपीट की। उन्हें छुड़वाने के लिए बंटी उर्फ मोंटी और विक्रम आए तो उनके साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। इसी मारपीट के कारण विक्रम गंभीर रूप से घायल हो गया। 5 मार्च को इलाज के दौरान विक्रम की मौत हो गई। पिता बोले- आरोपियों को फांसी हो नरेश ने आगे बताया कि मेरे निर्दोष बेटे की हत्या की गई है। मेरे बच्चे के साथ अन्याय हुआ है। उन्हें उम्मीद है कि प्रशासन हमारे साथ न्याय करेगा। फाग के दिन छुट्टी थी, जिसके कारण वह क्रिकेट खेलने गया था। आरोपियों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। अब जानिए दूसरे पक्ष ने क्या कहा… गुलाल लगाने जबरन घर में घुसे बनियानी गांव की महिला प्रदीप ने बताया कि फाग के दिन शाम के समय वह अपने पति के साथ घर पर थी। तभी नशे में धुत कुछ युवक घर में घुस आए और जबरदस्ती गुलाल लगाने लगे। उन युवकों में विक्रम भी शामिल था। उनकी आवाज सुनकर देवर बाहर निकला, तो युवकों ने डंडे से उसके हाथ पर वार किया, जिससे उसका हाथ टूटा हुआ है। बीच-बचाव के दौरान कस्सी लगी बलजीत ने बताया कि झगड़े में बीच-बचाव करने के दौरान विक्रम को कस्सी लगी थी। इस मामले को लेकर वे पुलिस के पास भी गए थे, लेकिन उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। उनके समाज के लोग डरे हुए हैं और कुछ मकान छोड़कर भाग गए हैं। हम SP से मिले थे। उन्होंने आश्वासन दिया है कि किसी निर्दोष को सजा नहीं होगी और उनके साथ न्याय किया जाएगा। 20 युवकों को हिरासत में लेने का आरोप बलजीत ने आरोप लगाया कि पुलिस ने करीब 20 निर्दोष युवकों को हिरासत में ले रखा है। उनकी पुलिस प्रशासन से मांग है कि दोषी को सजा मिलनी चाहिए, लेकिन निर्दोषों पर कार्रवाई न की जाए। उनके बच्चे निर्दोष हैं, जिन्हें पुलिस उठाकर अपने साथ ले गई है। घटना के बाद से पति लापता प्रदीप की बहन रेनू ने बताया कि विक्रम अपने दोस्तों के साथ पूरी प्लानिंग से लाठी-डंडे लेकर हमला करने आया था। मेरा पति सुनील फाग वाले दिन से लापता है। मुझे नहीं पता कि सुनील जिंदा है या उसे मार दिया गया। गांव में आने का एक ही रास्ता है, जिस पर दबंगों का कब्जा है। विक्रम मर्डर केस में ये 13 गिरफ्तार कलानौर थाना पुलिस ने विक्रम की हत्या के मामले में अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में ओमप्रकाश, वंश, सागर, साहिल, रितिक, निशांत, राहुल, सुधीर, मनन, सचिन, रवि उर्फ चिया व सिवा शामिल हैं। इनके साथ ही एक महिला को भी गिरफ्तार किया गया है। ASP प्रतीक अग्रवाल ने बताया कि किसी भी व्यक्ति को घबराने की जरूरत नहीं है। दोनों समाज के लोगों से मुलाकात की है और शिकायत आने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी नाजायज परेशान नहीं किया जा रहा। साथ ही किसी भी बच्चे का एग्जाम कैंसिल होने नहीं दिया जाएगा। पुलिस मामले में गंभीरता से जांच कर रही है।
रोहतक में फाग पर हत्या के बाद दहशत में लोग:दूसरा पक्ष बोला- गुलाल लगाने के बहाने हमला करना था, कुछ लोग गिरफ्तारी के डर से भागे
