कांग्रेस नेता राहुल गांधी मंगलवार सुबह सोनीपत के गोहाना में एक किसान की बेटी की शादी में शामिल होने पहुंचे हैं। ये वही किसान संजय हैं, जिनके खेत में राहुल ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान ट्रैक्टर चलाया था। साथ ही धान रोपाई की थी। सुबह करीब पौने 11 बजे जैसे ही राहुल अपनी कार से उतरे उनके हाथ से मोबाइल गिर गया। तब राहुल ने झुककर उसे उठाया। रोहतक सांसद दीपेंद्र हुड्डा समेत कई नेता और मेजबान घराती बुके लेकर स्वागत के लिए खड़े थे। राहुल का हरियाणवी पगड़ी पहना कर स्वागत किया गया। जब राहुल शादी वाले घर में जाने लगे तो दरवाजे पर खड़े युवकों ने जोर से कहा-राहुल भाई राम-राम। राहुल हाथ जोड़कर मुस्कराये और आगे बढ़ गए। अब देखिए राहुल के दौरे से जुड़े PHOTOS… आधा घंटा रुके राहुल, दूध के साथ चूरमा खाया
किसान संजय की बेटी तनु की शादी में पहुंचे राहुल करीब आधा घंटा रुके। तनु की बुआ की बेटी कीर्ति जाखड़ ने दैनिक भास्कर एप से बातचीत में बताया कि राहुल ने हमारे साथ शादी के कल्चर को लेकर बातें कीं। राहुल ने पूछा यहां शादी में क्या-क्या रस्में होती हैं। कीर्ति ने बताया कि राहुल ने चूरमा खाया और एक गिलास दूध पीया। यह चूरमा संजय की पत्नी सुनीता देवी ने बनाया था। उम्मीद नहीं थी राहुल आएंगे
किसान संजय की भांजी कीर्ति जाखड़ बोलीं-हमें उम्मीद नहीं थी कि राहुल गांधी आएंगे। अचानक उनके आने का कार्यक्रम पता चला। उस वक्त हम शगुन के गीत गा रहीं थी। सारे मेहमान राहुल को देखकर खुश हो गए। राहुल का पूरा मान-सम्मान किया और हरियाणवी सम्मान का प्रतीक पगड़ी पहनाई। राहुल ने काफी देर सिर पर पगड़ी रखी। राहुल घरातियों के बीच बैठे, गीत भी सुने
शादी वाले घर में राहुल जमीन पर बिछे गद्दों पर घरातियों के बीच बैठे। इस दौरान बगल में बैठी महिलाएं शादी के मंगल गीत गाती रहीं और राहुल बीच-बीच में गीतों व रस्मों के बारे में पूछते रहे। इसी बीच उन्हें दूध व चूरमा परोसा गया। 3 साल पहले धान की रोपाई की थी 8 जुलाई 2023 को राहुल गांधी अचानक गोहाना के मदीना गांव पहुंचे थे। वहां उन्होंने किसान संजय के खेत में धान की रोपाई करने के साथ ट्रैक्टर भी चलाया था। काम के बाद उन्होंने संजय के घर जमीन पर बैठकर रोटी, साग और छाछ का स्वाद लिया था। संजय के साथ उन्होंने खेती की समस्याओं और खेती की बारीकियों पर लंबी चर्चा की थी। इसके बाद अब दूसरी बार राहुल गांधी मदीना गांव पहुंचे।
किसान की बेटी की शादी में पहुंचे राहुल गांधी:सोनीपत में युवाओं ने कहा- राहुल भाई राम राम; परिवार संग चूरमा खाया
