हरियाणा राज्यसभा चुनाव में क्रास वोटिंग से डरी कांग्रेस ने अपनी रणनीति बदल दी है। पार्टी ने अब विधायकों की शिफ्टिंग की 3 दिन टाल दी है। इस फैसले के लिए 13 मार्च को फिर डिनर पार्टी दी गई है, इसमें तय होगा कि विधायकों को शिफ्ट किया जाए या नहीं। हालांकि हैरानी की बात यह रही देर शाम कांग्रेस मुख्यालय में हुई विधायक दल की मीटिंग से जुलाना से कांग्रेस विधायक और पूर्व रेसलर विनेश फोगाट सहित 5 विधायक गायब रहे। सेक्टर 9 स्थित हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में आयोजित सीएलपी की मीटिंग में इस मुद्दे पर चर्चा हुई। विधानसभा में पार्टी के 37 विधायकों में से 32 ने ही मीटिंग में भाग लिया। 13 को डिनर पार्टी में फिर मंथन कांग्रेस पार्टी की ओर से विधायकों की 13 मार्च को रात्रिभोज पर फिर से मीटिंग बुला ली है। इस मीटिंग में उन्हें राज्य से बाहर ट्रांसफर करने के बारे में निर्णय लिया जा सकता है। कांग्रेस को अपने उम्मीदवार करमवीर सिंह बौध की जीत सुनिश्चित करने के लिए 31 प्रथम वरीयता वोटों की आवश्यकता है। हालांकि, भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नंदाल कांग्रेस विधायकों के क्रॉस-वोटिंग पर भरोसा कर रहे हैं। विनेश सहित ये 5 विधायक गायब रहे कांग्रेस मुख्यालय में हुई विधायक दल की मीटिंग में पांच विधायक गायब रहे। गायब रहने वालों में जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट, कुलदीप वत्स, भरत सिंह बेनीवाल, सांसद रणदीप सुरजेवाला के बेटे आदित्य सुरजेवाला और लोकसभा सांसद कुमारी सैलजा के करीबी चंद्र मोहन का नाम शामिल है। हालांकि मीटिंग में हरियाणा में पार्टी प्रभारी बीके हरिप्रसाद और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह मौजूद रहे। यहां पढ़िए क्या बोले कांग्रेसी नेता… बीजेपी के दो उम्मीदवार, जीतेगा कौन विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने जोर देकर कहा कि पार्टी एकजुट है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस राज्यसभा चुनाव के लिए पूरी तरह एकजुट है। कांग्रेस के पास 37 विधायक हैं और सभी पार्टी के उम्मीदवार करमवीर सिंह बौद्ध को वोट देंगे। भाजपा के दो उम्मीदवार हैं और उनमें से कौन जीतेगा, यह 16 मार्च को पता चलेगा। उन्होंने आगे कहा कि अगर क्रॉस-वोटिंग हुई, तो वह भाजपा के भीतर ही होगी। INLD के समर्थन का किया दावा राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि बैठक में मुख्य रूप से विधानसभा के चल रहे बजट सत्र के दौरान पार्टी की भूमिका पर चर्चा हुई और उन्होंने उन खबरों का खंडन किया कि कांग्रेस विधायकों को हरियाणा से बाहर ले जाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि आईएनएलडी भाजपा की बी-टीम नहीं बनेगी। वे कांग्रेस उम्मीदवार का समर्थन करेंगे और उम्मीद है कि कांग्रेस उम्मीदवार को 39 वोट मिलेंगे। 16 को होगी वोटिंग हरियाणा की दो राज्यसभा सीटों के लिए मतदान 16 मार्च को होना है। भाजपा के संजय भाटिया की जीत की प्रबल संभावना है क्योंकि पार्टी के पास 48 विधायक हैं। दूसरी सीट के लिए मुकाबला बौध और नंदाल के बीच होगा। कांग्रेस को पिछले राज्यसभा चुनावों में भी क्रॉस-वोटिंग का सामना करना पड़ा है। 2022 में, उसके उम्मीदवार अजय माकन चुनाव हार गए थे। उस समय, पार्टी ने अपने विधायकों को छत्तीसगढ़ भेज दिया था। पार्टी विधायक कुलदीप बिश्नोई ने क्रॉस-वोटिंग की थी, जबकि कांग्रेस ने किरण चौधरी पर अमान्य वोट डालने का आरोप लगाया था। इससे पहले 2016 में “स्याही विवाद” के कारण अलग-अलग स्याही से चिह्नित 12 वोटों को अमान्य घोषित कर दिया गया था, जिसके परिणामस्वरूप कांग्रेस समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार आरके आनंद की हार हुई थी।
हरियाणा राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस ने बदली रणनीति:विधायकों की शिफ्टिंग 3 दिन टाली; CLP में विनेश फोगाट सहित 5 MLA नहीं पहुंचे
