पानीपत के ऐतिहासिक काला आंब क्षेत्र में सोमवार को दिल दहला देने वाली वारदात हुई। यहां झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले एक परिवार के 7 महीने के मासूम बच्चे हिंमाशु का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। किडनैपरों ने बच्चे की 7 वर्षीय बड़ी बहन आशियाना के हाथों से उसे जबरन छीना और पल्सर बाइक पर सवार होकर रफूचक्कर हो गए। जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार मूल रूप से राजस्थान के अलवर का रहने वाला है और फिलहाल काला आंब के पास झुग्गियों में रह रहा था। घटना के समय बच्चे के माता-पिता पास ही एक शादी समारोह में ढोलक बजाने गए थे। घर पर 7 महीने का हिमांशु अपनी 7 साल की बहन आशियाना के पास था। आशियाना ने बताया कि पल्सर बाइक पर 2 युवक आए। उन्होंने पहले उसे कुरकुरे का लालच देकर बच्चा उनके हवाले करने को कहा। जब छोटी बच्ची नहीं मानी, तो बदमाशों ने जबरदस्ती उसकी गोद से मासूम हिमांशु को झपट लिया और बाइक की रफ्तार बढ़ाते हुए फरार हो गए। मां का रो-रोकर बुरा हाल, अलवर से आया था परिवार जैसे ही माता-पिता को इस अनहोनी की सूचना मिली, वे बदहवास होकर मौके पर पहुंचे। मासूम की मां का रो-रोकर बुरा हाल है और वह बस अपने कलेजे के टुकड़े की सलामती की गुहार लगा रही है। परिवार का कहना है कि वे यहां मेहनत-मजदूरी कर अपना गुजारा कर रहे थे और उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। पुलिस ने की चारों तरफ नाकाबंदी, CCTV खंगाल रही टीमें वारदात की सूचना मिलते ही पानीपत पुलिस तुरंत हरकत में आई। शहर के सभी एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर नाकाबंदी कर दी गई है। पुलिस की कई टीमें संदिग्ध पल्सर बाइक और किडनैपरों के हुलिए के आधार पर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। पुलिस का बयान मौके पर पहुंचे DSP सुरेश सैनी ने बताया कि बच्ची के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में दो युवकों की संलिप्तता सामने आई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।
पानीपत में 7 महीने के बच्चे का अपहण:बहन को दिया कुरकुरे का लालच, हाथों से छीनकर भागे, परिवार राजस्थान का रहने वाला
